
सीएनजी व एलपीजी वाहन दे रहे हादसों को निमंत्रण – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – जिले भर में बिना रोक-टोक चल रहे सीएनजी व एलपीजी किट लगे वाहन लगातार हादसों काे निमंत्रण दे रहे हैं। ऐसे वाहनों का परिवहन विभाग से मान्यता प्राप्त किट लगवाकर उसका भौतिक सत्यापन व पंजीकरण कराना अनिवार्य है। फिर भी बिना किसी वैद्यता के ही वाहन धड़ल्ले से सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। इससे जहां वाहन में बैठी सवारियों की जान- माल का हर समय खतरा बना रहता है, वहीं अक्सर वाहनों में आग लगने की वजह भी यही है। शहर में कई हादसों के घटित होने के बाद भी लोग किट लगवाने की सुरक्षा का कतई ध्यान नहीं रख रहे हैं।
शहर में स्कूली वाहनों के अलावा कारों में लगी रहने वाली अवैध गैस किट में घरेलू उपयोग वाला लाल सिलेंडर लगाया जाता है। इसके बाद वाहन बिना रोक-टोक सड़कों पर दौड़ रहे हैं। अधिकांश घटनाएं कार कंपनियों की गलतियों की वजह से नहीं बल्कि कार चालक की लापरवाही से हो रही हैं। लोग कार खरीदने के बाद उसमें स्टीरियो सिक्योरिटी सिस्टम, हैड लैंप और रिवर्स पार्किंग सेंसर जैसे एसेसरीज बाहरी दुकानों से खरीदकर फिट कराते हैं। ऐसे मामलों में देखा गया है कि अप्रशिक्षित मेकैनिक फिटिंग करते वक्त कई तारों को खुला छोड़ देते हैं या तारों को सही तरीके से नहीं जोड़ते हैं। ये शार्ट-सर्किट की एक बड़ी वजह बनते हैं। इन पर न तो पुलिस ध्यान देती और न ही आरटीओ विभाग ध्यान देता है। ऐसे में ये वाहन खुलेआम सड़क पर दौड़कर मौत को दावत देते हैं।