
कोतवाली के मोहल्ला तुर्कमानगेट में दबंगों ने किया दुकान पर कब्जे का प्रयास,महिला को पीटा
अलीगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तुर्कमानगेट में दबंगों ने दुकान पर कब्जे का प्रयास किया। इतना ही नहीं विरोध करने पर घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट कर दी। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार मोहल्ला तुर्कमान गेट निवासी अमीना बेगम की घर के पास ही दुकान है। दुकान पर कब्जे को लेकर कुछ लोगो से विवाद चल रहा है। मामला अदालत में विचाराधीन है। अदालत के आदेश पर वह दुकान पर निर्माण कार्य करा रही थी। आरोप है कि तभी तीन-चार युवक वहां आ गए और गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। विरोध करने पर घर में घुसकर अमीना बेगम के साथ मारपीट तक कर डाली। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी अनिस,अकरम और नबाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोप है कि अब आरोपी पक्ष के लोग तरह-तरह की धमकियां दे रहे हैं। बुधवार को पीड़ित पक्ष ने एसएसपी कलानिधि नैथानी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने मामले को गंभीता से लेते हुए थाना प्रभारी को जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।