
अलीगढ़ :धूमधाम से निकाली जाएगी अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा
श्री अग्रवाल युवा संगठन रविवार को धूमधाम से महाराजा अग्रसेन जयंती महोत्सव मनाएगा। दोपहर दो बजे अग्रसेन महाराज की सांकेतिक शोभायात्रा कोरोना प्रोटोकॉल के तहत निकाली जाएगी। इसके साथ महायज्ञ, अभिनंदन समारोह कार्यक्रम भी होंगे।प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले महोत्सव को कोरोना प्रोटोकॉल के चलते सीमित रूप दिया गया है। श्री अग्रवाल युवा संगठन के पदाधिकारी सुबह आठ बजे महायज्ञ का आयोजन करेंगे। इसके बाद दस बजे से अभिनंदन समारोह का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में अग्र समाज के सम्मानित राजनेता, उद्योगपति और समाजसेवी अतिथियों के रूप में प्रतिभाग करेंगे।जयंती संयोजक निकुंज अग्रवाल ने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल के साथ कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। शोभायात्रा रसलगंज चौराहे से शुरू होकर रेलवे रोड, पत्थर बाजार, मानिक चौक, अचल ताल होते हुए रामलीला मैदान में पहुंचकर समाप्त होगी। वहीं, संगठन कार्यक्रम में अग्रज्योति पत्रिका का विमोचन भी करेगा।
अलीगढ़ में शोभायात्रा और अध्यापक परीक्षा को लेकर आज डायवर्ट रहेगा यातायात
अलीगढ़ में अग्रसेन शोभायात्रा और अध्यापक परीक्षा को लेकर यातायात डायवर्जन जारी किया गया है। इस दौरान शहर में बाहरी वाहनों के साथ-साथ अंदरूनी डायवर्जन भी लागू रहेगा। यह डायवर्जन सुबह आठ बजे से शोभायात्रा व परीक्षा समापन तक जारी रहेगा।
बाहरी डायवर्जन-
एटा/कानपुर, आगरा/मथुरा, खैर/लोधा, दिल्ली/बुलंदशहर, अतरौली की ओर से आने वाले समस्त प्रकार के भारी वाहन (रोडवेज बस, प्राइवेट बस, मिनी बस) का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सभी मार्गों पर वाहन शहर के बाहर बाईपास के रास्ते अपने गंतव्य स्थान पर जाएंगे।
आंतरिक डायवर्जन-
शोभायात्रा प्रारंभ होने के समय कंपनीबाग से समस्त प्रकार के वाहन (ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन) मालगोदाम/कबर कुत्ता तिराहे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
शोभायात्रा प्रारंभ होने के समय बर्छी बहादुर कठपुला की तरफ समस्त प्रकार के वाहन (ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन) रसलगंज चौराहे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
मसूदाबाद से रसलगंज की तरफ आने वाले वाहन समस्त प्रकार के वाहन (ऑटो, ई-रिक्शा, चार पहिया वाहन) मसूदाबाद चौराहे से डायवर्ट किए जाएंगे।
शोभायात्रा के प्रथम भाग के मालगोदाम तिराहे से मीरूमल चौराहे की तरफ मुड़ने पर किसी भी प्रकार का चार पहिया वाहन मालगोदाम तिराहे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
मीरूमल चौराहे पर शोभायात्रा का प्रथम भाग पहुंचने से 10 मिनट पूर्व किसी भी प्रकार का चार पहिया वाहन पत्थर बाजार, बारहद्वारी, सराय हकीम, कनवरीगंज रेलवेरोड, मामूभांजा तिराहे की तरफ से मीरूमल चौराहे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
शोभायात्रा का प्रथम भाग आगरा रोड की तरफ पहुंचने पर किसी भी प्रकार का चार पहिया वाहन हाथरस अड्डे से मदारगेट, कम्पनीबाग बस अड्डे की तरफ नहीं आने दिया जाएगा।
शोभायात्रा के मीरूमल पहुंचने पर अब्दुल करीम चौराहे से मीरूमल की तरफ कोई वाहन नहीं आने दिया जाएगा।
नो-ट्रैफिक जोन
रसलगंज चौराहे से मालगोदाम तिराहे तक शोभायात्रा/हवन के प्रारंभ होने से सामप्ति तक नो-ट्रैफिक जोन रहेगा।
प्रभारी निरीक्षक यातायात/क्वार्सी/गांधीपार्क/सासनीगेट व बन्नादेवी/कोतवाली को डायवर्जन पर पर्याप्त पुलिस बल लगाकर यातायात/डायवर्जन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।