सरकारी खर्च पर नगर निगम के पार्षद पत्नी के साथ पति भी भ्रमण पर जाना चाहते हैं। इसको लेकर नगर निगम के जवाहर भवन में जमकर हंगामा हुआ। मामला इतना बिगड़ गया कि नगर आयुक्त सीट छोड़कर चले गए। नाराज पार्षदों ने अपनी भड़ास उपसभापति पर निकाली।जवाहर भवन में संवाद कार्यक्रम के दौरान पार्षदों ने जमकर हंगामा किया। नगर निगम के सभी 80 पार्षदों को भ्रमण (टूर) पर जाना है। पहले हवाई जहाज से गोवा जाने का कार्यक्रम था। उसे रद्द कर दिया गया है। अब मैसूर (कर्नाटक), अहमदाबाद (गुजरात) एवं राजकोट (गुजरात) में से किसी एक को चुनना है। संवाद कार्यक्रम के दौरान कुछ पार्षदों एवं पार्षद पतियों ने सवाल उठाया कि महिला पार्षद अकेली कैसे जाएंगी। उनके साथ परिवार के सदस्य को जाने की अनुमति दी जाए। इस पर नगर आयुक्त गौरांग राठी ने आपत्ति की।
उन्होंने आगरा जिले का हवाला दिया और कहा कि कुछ महीने पहले पार्षद के अतिरिक्त दूसरे लोग गए थे। अब उनसे रिकवरी हो रही है।इस पर एक नेता ने कहा कि सब कुछ नियमानुसार नहीं होता। कुछ अंडरस्टैडिंग से भी होता है। नगर आयुक्त ने कहा कि उनकी कलम से कोई गलत काम नहीं होगा। इसके बाद पार्षद एवं पार्षद पति नारेबाजी एवं हंगामा करने लगे। शोरशराबे के बीच नगर आयुक्त गौरांग राठी सीट से उठकर चले गए। उसके बाद पार्षद भड़क गए।पार्षदों ने उपसभापति डॉ. मुकेश शर्मा को घेर लिया और जमकर भड़ास निकाली। कुछ पार्षद इस बात पर भी नाराज थे कि महापौर मो. फुरकान के रहते नगर आयुक्त कैसे चले गए। डॉ. मुकेश शर्मा ने बताया कि कोई विशेष बात नहीं है। पहले भी पार्षद भ्रमण पर जाते रहे हैं। इस बार अलग तरह से जा रहे हैं। बस के बदले हवाई जहाज से जाना है। कुछ लोग परिवार के साथ जाना चाहते हैं, इसी बात को लेकर थोड़ा शोरशराबा हुआ था।संवाद कार्यक्रम में टूर को लेकर शोर-शराबा होने लगा था। वहीं, दो बजे से नगर आयुक्त एवं अन्य अधिकारियों की मंडलायुक्त के साथ बैठक होनी थी। इसलिए नगर आयुक्त एवं अधिकारी चले गए। उसके बाद क्या हुआ, पता नहीं।