जिले में 18 अक्टूबर से चलेगा संचारी रोग नियंत्रण अभियान
18 अक्टूबर से एक नवम्बर तक साथ में चलेगा दस्तक अभियान भी
एटा,
संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए जनपद में 18 अक्टूबर से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही 18 अक्टूबर से एक नवंबर तक दस्तक अभियान भी चलाया जाएगा। अभियान को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आईसीडीएस, पंचायती राज, स्वच्छ भारत मिशन, नगर विकास विभाग, कृषि आदि विभागों के सहयोग से चलाया जाएगा। अभियान के दौरान आशा व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को मच्छर जनित बीमारियों के बारे में जागरूक करेंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जनपद में 18 अक्टूबर से 17 नवंबर तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा।इस दौरान संचारी रोगों तथा दिमागी बुखार के मरीजों की निगरानी, रोगियों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के अंतर्गत 18 अक्टूबर से 1 नवंबर तक दस्तक अभियान का आयोजन किया जाएगा। दस्तक अभियान में आशा, आंगनवाड़ी, एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर परिवारों से संपर्क करेंगी व बुखार,डेंगू, मलेरिया आदि विषय पर लोगों को जागरूक करेंगी। साथ ही प्रमुख स्थानों पर जागरूकता हेतु स्टीकर भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही आशा कार्यकर्ता समय समय पर स्कूल का भ्रमण,मातृ बैठकों के आयोजन, वीएचएसएनसी बैठकों के आयोजन एवं पेयजल को साफ करने के लिए क्लोरिनेशन का डेमो आदि का कार्य करेंगी।
अभियान के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. सतीश चंद्र नागर ने बताया कि विभाग द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान के लिए सभी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही है। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आशा,एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है। स्वास्थ्य कर्मी ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को सफाई के महत्व और संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे।
डॉ नागर ने बताया कि आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सूची बनाएंगी और अपनी रिपोर्ट के साथ प्रतिदिन कार्य की समाप्ति पर क्षेत्रीय एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय पर उपलब्ध कराएंगी।
-बुखार के रोगियों की सूची
-आई एल आई (इनफ्लुएंजा लाइक इलनेस) वालों की सूची
-क्षय रोगों के लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची
-कुपोषित बच्चों की सूची