प्रतापगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, सांसद संगमलाल गुप्ता समेत कई घायल

यूपी : प्रतापगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, सांसद संगमलाल गुप्ता समेत कई घायल

ज़िले के सांगीपुर विकास खंड में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के सांसद संगमलाल गुप्ता के पार्टी कार्यकर्ताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई है. आरोप है कि कांग्रेसियों ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा. इसके बाद सांसद संगमलाल गुप्ता की कई गाड़ियों को पथराव और लाठी-डंडे से क्षतिग्रस्त कर दिया. मारपीट की इस घटना में कई कार्यकर्ता और पुलिस के कई लोगों के घायल होने की सूचना है.

सांगीपुर विकास खंड में आयोजित आरोग्य मेले में बीजेपी सांसद के पहुंचने पर हंगामा हो गया. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रमोद तिवारी और विधायक आराधना मिश्र मोना पहुंचे थे. लेकिन दोनों दलों बीजेपी समर्थकों और कांग्रेस समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई और अफरातफरी मच गई. आरोप है कि कांग्रेसियों की संख्या अधिक होने के कारण भाजपाइयों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया.

सांगीपुर ब्लॉक परिसर में चल रहे गरीब कल्याण दिवस पर आयोजित जन आरोग्य मेले में कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए दोनों पक्षों के बीच जमकर नोक-झोंक हुई. मारपीट के बीच बीजेपी सांसद संगमलाल गुप्ता को जान बचाकर भागना पड़ा. दोनों तरफ से आधा दर्जन कार्यकर्ता और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए. यह घटना सांगीपुर विकास खंड के अंदर घटी.

बीजेपी सांसद पर हुए हमले को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा, ‘ भाजपा सरकार में जिस तरह सरेआम हिंसा को प्रोत्साहन-संरक्षण दिया गया, उसका ख़ामियाज़ा आज उसके ही सांसदों-विधायकों को भुगतना पड़ रहा है. ये अपने जनप्रतिनिधियों तक को संरक्षण नहीं दे पा रही है. उप्र भाजपा सरकार में क़ानून-व्यवस्था फ़रार है. जनआक्रोश का हिंसक होना अच्छा नहीं होता.’

सांगीपुर ब्लॉक परिसर में आज शनिवार को आयोजित आरोग्य मेले में पहले से पूर्व राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और विधायक रामपुर खास व नेता विधानमंडल दल यूपी आराधना मिश्र को दो बजे से मुख्य अतिथि बनाया गया था. उसके बाद तीन बजे से बीजेपी सांसद संगमलाल गुप्ता को मुख्य अतिथि बनाया गया था.

कार्यकर्ताओं के साथ सरकार द्वारा आयोजित मेले को सकुशल चलाया जा रहा था, तभी भारी लाव लश्कर के साथ सांसद संगमलाल गुप्ता वहां पहुंच गए. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी. इससे वहां मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने भी उत्तेजित होकर नारेबाजी शुरू कर दिया.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि सांसद के साथ आए दो कार्यकर्ताओं ने चल रहे कार्यक्रम में माइक छीनकर तोड़ दिया जिससे कांग्रेसी कार्यकर्ता भड़क गए. दोनों पक्ष के नेतागण अपने-अपने कार्यकर्ताओं को हाथ जोड़कर समझाते रहे, लेकिन दोनों कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और हालत बेकाबू हो गया.

आपसी भिडंत में 3 गाडियां क्षतिग्रस्त हो गईं जबकि कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हो गए और सांसद संगम लाल गुप्ता को भी चोट लगी है. बीजेपी सांसद संगमलाल गुप्ता ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है. उनका कहना था की कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के लोगों पर जानलेवा हमला किया.

उन्होंने बताया कि दो ब्लॉक का कार्यक्रम मैं करके गया. जैसे ही मंच पर जाने लगा तो पचास साथ लोग बैठे थे. पहले से देखा कि इंस्पेक्टर को लोग मारने लगे तो मैंने कहा ये क्या कर रहे हो. इसके बाद मुझे मारने लगे मेरे सुरक्षाकर्मी भी घायल हो गए. हमारी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई. हमारे कार्यकर्ताओं को गिरा गिरा कर मारा गया.

बीजेपी सांसद की पिटाई पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कहा कि सख्त कार्रवाई की जाएगी. सांसद के साथ हिंसा की घटना पर बीजेपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि कांग्रेस अब उत्तर प्रदेश में ‘बुझते हुए दिए’ जैसी है, और हताशा में आकर हिंसक घटनाएं कर रही है, लेकिन ऐसी घटनाओं को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे और प्रशासन से अपेक्षा करते हैं कि कठोर कार्रवाई की जाए.”

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

यह खबर /लेख मेरे ( निशाकांत शर्मा ) द्वारा प्रकाशित किया गया है इस खबर के सम्बंधित किसी भी वाद - विवाद के लिए में खुद जिम्मेदार होंगा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks