
मुख्यमंत्री योगी जल्द अलीगढ़ में करेंगे 660 मेगावाट यूनिट व अलीगढ़ एयरपोर्ट का लोकार्पण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जल्द ही हरदुआगंज तापीय परियोजना कासिमपुर की नवनिर्मित 660 मेगावाट यूनिट और अलीगढ़ एयरपोर्ट का लोकार्पण करने आएंगे। अक्तूबर के पहले पखवाड़े में इस कार्यक्रम की तैयारी हो रही है। वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम जल्द ही तय होगा।अगस्त और सितंबर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चार बार अलीगढ़ के दौरे पर रहे हैं। पूर्व सीएम कल्याण सिंह के निधन पर उनकी शव यात्रा के साथ और उसके बाद तेरहवीं में सीएम योगी आए थे। इसके बाद सितंबर में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि के शिलान्यास और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की प्रगति समीक्षा कार्यक्रम के मौके पर वह दो बार आए थे। अब अक्तूबर को उनका पांचवां दौरा होगा। जिला प्रशासन में शीर्ष स्तर पर इसका विचार विमर्श हो गया है। इसकी तैयारियाें का खाका खींचा जाने लगा है। इस बार मुख्यमंत्री योगी का हेलिपैड कमिशनरी के सामने खाली पड़े मैदान में बनवाया जाएगा। सीएम योगी यहां मंडल स्तरीय बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा भी करेंगे।सीएम योगी के इस कार्यक्रम के लिए हरदुआगंज तापीय परियोजना की नवनिर्मित 660 मेगावाट यूनिट की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली जा रही है। इस तरह से एयरपोर्ट के लोकार्पण के लिए जरूरी लाइसेंस प्रक्रिया को जल्द ही पूरा किया जाने की कवायद शुरू हो गई है। स्थानीय अधिकारियों की टीम इसकी तैयारी कर रही है।