रविवार से फिर से शुरू होगा मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला
-आज से शुरू होगा ‘आयुष्मान आपके द्वार 2.0 पखवाड़ा’
एटा

आम जनमानस की सेहत को बेहतर बनाए रखने और स्वास्थ्य सुविधाओं को लोगों के तक आसानी से पहुंचाने की अनूठी पहल के तहत मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला एक बार फिर से प्रारंभ होने जा रहा है । कोरोना के चलते यह कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।19 सितंबर से पुनः प्रारंभ हो रहे कार्यक्रम में रोगों की रोकथाम व नियंत्रण व जागरूकता का संचार किया जाएगा।इसके लिए सभी 36 प्राथमिक एवं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रत्येक रविवार को आरोग्य स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया जाएगा। यहां जन्म पंजीकरण, टीकाकरण, बच्चों में डायरिया, निमोनिया, आयुष्मान योजना के प्रति जागरूकता समेत विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनमानस को सेहतमंद बनाया जाएगा। इसके साथ ही 16 सितंबर से गोल्डन कार्ड बनाए जाने हेतु आयुष्मान आपके द्वार 2.0 की शुरुआत की जाएगी।
बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पर आयोजित की गई प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना के चलते स्थगित किए गए मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला को 19 सितंबर से पुनः प्रारंभ किया जा रहा है। स्वास्थ्य मेले में ओपीडी के साथ, कोविड-19 जांच,टीबी, मलेरिया, डेंगू, दिमागी बुखार,कुष्ठ रोग से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक जांच तथा उपचार किया जाएगा। इसके साथ ही उच्च रक्तचाप, टीबी ,मुख आदि की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना की जानकारी तथा लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए जाएंगे। इससे आम लोगों को विभाग की सभी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मेला के आयोजन के दौरान मेला परिसर में प्रवेश से पूर्व थर्मल स्क्रीनिंग, पल्स ऑक्सीमीटर के साथ-साथ प्रवेश करने वाले व्यक्ति के हाथों को सैनिटाइज कराया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। मेले में चिकित्सकों की उपलब्धता के अनुसार आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक चिकित्सकों की तैनाती भी की जाएगी। साथ ही रैपिड डायग्नोस्टिक किट तथा पर्याप्त मात्रा में औषधियां उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही गंभीर मरीजों के संदर्भ हेतु प्रत्येक इकाई पर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध रहेगी।
इसके साथ ही डॉक्टर त्रिपाठी ने बताया कि दिनांक 16 सितंबर से 30 सितंबर तक जनपद में ‘आयुष्मान आपके द्वार 2.0’ पखवाड़ा प्रारंभ किया जा रहा है। इस दौरान पात्र लाभार्थियों का आशा के माध्यम से कॉमन सर्विस सेंटर पर जाकर निशुल्क गोल्डन कार्ड बनवाए जाएंगे। योजना के अंतर्गत जनपद में 433510 पात्र लाभार्थी हैं। व योजना के प्रारंभ से अब तक 107319 लाभार्थियों के कार्ड बनाए जा चुके हैं। जनपद में चार निजी चिकित्सालय व दस सरकारी चिकित्सालय योजना के तहत आबद्ध किए गए हैं।योजना के तहत अब तक 4145 मरीजों को उपचार प्राप्त कराया गया है। जिनमें से 3827 लाभार्थियों ने निजी चिकित्सालय से व 318 लाभार्थियों ने सरकारी चिकित्सालय से योजना के तहत लाभ प्राप्त किया है।