शहर के हॉटस्पॉट इलाकों में बैंक और एटीएम सेवा शुरू होने से लोगों को राहत मिलेगी। हॉट स्पॉट में होने के बावजूद ज्यादातर हिस्से में बैंक और एटीएम खुलेगा। कई दिन से इन इलाकों में बैंक और एटीएम की सेवा ठप पड़ी थी। अग्रणी जिला बैंक अधिकारी राम किशोर ने बताया कि अब हॉट स्पॉट इलाके में भी बैंक की शाखा और एटीएम उसी हिस्से में बंद रहेंगे, जहां कोरोना का केस होने के कारण उस हिस्से को सील किया गया होगा। इस छूट के चलते शहर की करीब 15 बैंक शाखाएं और एटीएम खुल जाएंगे। हॉट स्पॉट इलाकों में स्थित बैंक शाखाओं में अभी तक, ग्राहकों का लेनदेन बंद था। इन शाखाओं में बैंक का स्टाफ नियमित रूप से जा रहा था और ऑडिट संबंधी कार्य किया जा रहा था। सील एरिया के बाहर वाले इलाके में स्थित बैंक और एटीएम अब सुचारू रूप से खुल जाएंगे।