
गुजरात के राजकोट गए अलीगढ़ के एक्सपोर्टर के इकलौते बेटे की कुएं में गिरने से मौत,परिवार में मचा कोहराम
अलीगढ़ से कारोबार के सिलसिले में गुजरात के राजकोट गए एक्सपोर्टर राकेश अग्रवाल सिक्संस के इकलौते बेटे अनमोल अग्रवाल की में कुएं में गिरने से आठ सितंबर को मौत हो गई।मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। साथ में गए चचेरे भाई संचित अग्रवाल सुरक्षित हैं। शुक्रवार दोपहर तक शव अलीगढ़ आएगा।ज्ञानसरोवर कालोनी निवासी राकेश अग्रवाल सिक्संस लंबे समय से नेपाल हार्डवेयर का एक्सपोर्ट करते हैं। 26 वर्षीय इकलौता बेटा अनमोल अग्रवाल भी कारोबार में हाथ बंटाता था। अनमोल अग्रवाल अपने चचेरे भाई संचित अग्रवाल के साथ छह सितंबर को कारोबार के सिलसिले में राजकोट गया था। आठ सितंबर को राजकोट के बायर के साथ दोनों सोमनाथ मंदिर गए थे। राजकोट में गांव बोरिया में रात को बायर के घर खाना खाने के लिए रुके थे। अनमोल व संचित दोनों बायर के घर के बाहर टहल रहे थे।अनमोल का अचानक पैर फिसल गया और वह पास के कुएं में जा गिरा।आवाज आने पर संचित ने शोर मचाया तो लोग वहां एकत्रित हुए। अनमोल को कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से निकाला गया। वहां नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रात को ही खबर परिजनों को मिली। जिससे घर में कोहराम मच गया।राकेश अग्रवाल कई व्यापारिक संगठनों अध्यक्ष समेत विभिन्न पदों पर हैं। वह भाजपा नेता सौरभ सिक्संस अग्रवाल के बड़े भाई भी हैं।