
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलीगढ़ आने से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का टूट जाएगा रिकार्ड
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 14 सितंबर को संभावित दौरा अलीगढ़ के लिए कई मायनों में खास होगा। वे करीब 700 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के रिकार्ड को भी तोड़ेंगे। इंदिरा गांधी चार बार अलीगढ़ आ चुकी हैं, इसमें तीन बार उन्होंने चुनावी रैली को संबोधित किया था, एक बार लोकार्पण कार्यक्रम में आई थीं। पीएम नरेंद्र मोदी चार बार चुनावी रैली को संबोधित कर चुके हैं। पांचवीं बार विकास योजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण के लिए आना संभावित है। वे एएमयू के दीक्षांत समारोह को भी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर चुके हैं।इंदिरा गांधी अपने जीवनकाल में यहां चार बार आई थीं। 1977 में स्थानीय कांग्रेस नेता अशोक चौहान की ओर से नुमाइश मैदान में आयोजित चुनावी कार्यक्रम में हुंकार भरी थी। 1978 में वयोवृद्ध कांग्रेस नेता अहमद लूत खा की बेटी की शादी में शामिल हुई थीं। अंतिम बार 1980 में चुनावी रैली को संबोधित करने आई थीं। नरेंद्र मोदी 2014 के लोकसभा चुनाव में चुनावी रैली को संबोधित करने आए थे। नुमाइश मैदान में रैली हुई थी। 2017 के विधानसभा चुनाव में भी मोदी ने नुमाइश में चुनावी रैली को संबोधित किया था। 2019 के लोकसभा चुनाव में भी उन्होंने हुंकार भरी थी। 2020 में एएमयू के दीक्षांत समारोह में पीएम नरेंद्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया था।