
प्रधानमंत्री के अलीगढ़ आगमन से एक दिन पहले उप मुख्यमंत्री करने आएंगे निरीक्षण
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 14 सितंबर को अलीगढ़ आने की पूरी संभावना है। इसलिए 13 सितंबर को तैयारियों के निरीक्षण के लिए उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा अलीगढ़ आ रहे हैं। वह लोधा क्षेत्र में डिफेंस कारिडोर के स्थल का निरीक्षण करेंगे। साथ ही मूसेपुर गांव में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राजकीय विश्वविद्यालय के स्थान को भी देखेंगे। पार्टी के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इससे पीएम का दौरा करीब-करीब तय माना जा रहा है।प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए जिले में अब लगातार वीआइपी मूवमेंट भी शुरू हो जाएगा। वहीं, पीएम के दौरे को देखे हुए तैयारियां भी तेज हो गईं हैं।14 सितंबर को पीएम नरेंद्र मोदी के आने की संभावना है। वह लोधा क्षेत्र में डिफेंस कारिडोर और मूसेपुर गांव में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। साथ ही धनीपुर हवाई पट्टी पर निर्माण कार्य पूरा होने पर लोकार्पण करेंगे। यहां से जल्द ही लखनऊ के लिए उड़ान शुरू होने वाली है। पीएम के कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक तैयारियां जोरों पर शुरू हो गईं हैं। डिफेंस कारिडोर स्थल पर निर्माण कार्य तेज हो गया है।