जिलाधिकारी ने सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंच की व्यवस्था की समाप्त
Aligadh,कोल तहसील के सम्पूर्ण समाधान दिवस में कृष्णांजलि सभागार पहुॅची जिलाधिकारी सेल्वा कुमारी जे. उस समय हैरत में पड़ गयीं जब प्रशासनिक अधिकारियों के लिए मंच पर एवं फरियादियों के लिए नीचे व्यवस्था की गयी थी। जनहित के सम्बन्ध में अपने चिर परिचित त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली को प्रदर्शित करते हुए उन्होंने फौरन आला अधिकारियों को मंच व्यवस्था समाप्त कर जनता के बीच में ही उनके बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पीड़ित पहले से ही परेशान आता है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं लेकर बुजुर्ग, महिलाएँ और बीमार भी आते हैं, आज से उन्हीं के मध्य बैठकर, उनकी समस्याओं को सुनकर निराकरण कराया जाएगा।ज़िलाधकारी सेल्वा कुमारी जे. ने कहा कि अधिकारी और फरियादी में बेहतर संवाद होना आवश्यक है। कार्यालय एवं समाधान दिवसों में अधिकारी कर्मचारी पीड़ित की समस्याओं को उनसे बेहतर संवाद स्थापित करते हुए सुनें। उन्होंने कहा कि जब तक आपसी समन्वय व संवाद नहीं होगा, समस्या बनी रहेगी। अधिकारी और जनता के मध्य संवादहीनता नहीं होनी चाहिए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में विभिन्न स्तर से 60 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें सम्बन्धित अधिकारियों को इस आशय के साथ सुपुर्द की गयीं कि वह निर्धारित अवधि में जन शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
