अलीगढ़ में गणेश महोत्सव की तैयारियां शुरू,कारीगरों ने मूर्तियां बनाना किया शुरू
गणेश महोत्सव की शुरुआत 10 सितंबर से हो रही है। पूरे देश में गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। ऐसे में जिले में गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूंजेंगे। भक्तों ने तैयारियां शुरू कर दिया है। राजस्थान से आए कारीगरों ने भगवान गणेश की मूर्तियां बनानी शुरू कर दी है। शहर में जीटी रोड और आगरा रोड पर रुसा हास्पिटल के निकट मूर्तियां बनाई जा रही हैं। सबसे ऊंची आठ फिट की प्रतिमा भी बनाई जा रही है। कारीगर शिद्दत से मूर्तियों और प्रतिमाओं में रंग भर रहे हैं।कभी महाराष्ट्र में धूमधाम से मनाया जाने वाला गणेश महोत्सव अब पूरे देश में मनाया जाता है। शहर में भी गणेश उत्सव घर-घर मनाया जाता है। लोग घरों में भगवान गणेश की मूर्तियां स्थापित करते हैं। शहर में एक दर्जन स्थानों पर विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, मगर कोरोना के चलते पिछले साल कार्यक्रम नहीं हो सकें। इस बार संभावना जताई जा रही है कि गणेश महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसे देखते हुए राजस्थान से कारीगर आ गए हैं। रुसा हास्पिटल के सामने कारीगर गणेश ने बताया कि हर साल वो जुलाई के अंतिम सप्ताह में आ जाते हैं। यहां चार महीने करीब रहते हैं। इस बार गणेश भगवान की छोटी मूर्तियों को अधिक बना रहे हैं, क्योंकि बड़े कार्यक्रमों के होनी संभावना कम होगी। गणेश ने बताया कि प्रतिमाओं को अंतिम रुप दिया जा रहा है। रंगरोगन करने के बाद यह तैयार हो जाएंगी।
