बदायूं की महिला को बहन बनाकर लाखों के जेवरात व नगदी हड़पी

एटा। बदायूं की एक महिला को बहन बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व अन्य सामान हड़प लिया। महिला ने पांच लोगों को नामजद कर नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। महिला खुद को एक सेवानिवृत्त एसएसपी की बहन बता रही है।
थाना सकीट में शुक्रवार को शुभावती पत्नी हरिओम पटेल निवासी गांव सुजानपुर थाना बिसौली जिला बदायूं ने मुकदमा दर्ज कराया है। उसका कहना है कि बदायूं में संविदा पर हरवीर यादव निवासी गांव फतेहपुर थाना रिजोर एंबुलेंस पर चालक था। उसका घर पर आना-जाना था और उसने बहन बना लिया था। पति से अनबन होने के चलते तलाक हो गया। हरवीर की सलाह पर 12 अगस्त को एटा में मकान बनाकर रहने के लिए आई थी। पांच दिन हरवीर ने अपने घर पर रखा।
उसके पास आठ तोला सोने और 500 ग्राम चांदी के जेवरात, एक लाख 50 हजार रुपये, दुकान की 250 साड़िया, महिलाओं को बिक्री करने वाले अन्य वस्त्रों को लेकर आई थी। हरवीर ने अपने परिचित कस्बा सकीट स्थित राजीव कुमार निवासी मलगांव थाना रिजोर की दुकान व मकान किराए पर दिला दिया। यहां पर दुकान में सामान भर लिया और रहने लगी।
आरोप है कि राजीव व हरवीर ने षड्यंत्र रचकर रात को राजीव की पत्नी को बीमार बताकर एटा लाए। शुभावती भी साथ में थी। सकीट क्षेत्र में ही उसकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। चीख -पुकार मचाने पर आरोपी छोड़कर भाग गए। राहगीरों ने किराए के लिए 100 रुपये दिए तब वह सकीट पहुंची। वहां से पूरा सामान गायब था।
महिला खुद को सेवानिवृत्त एसएसपी संतोष कुमार पटेल को अपना भाई बता रही है। इनको वर्ष 2019 में बुलंदशहर से सेवानिवृत्त होने की बात कही जा रही है। यह भी बताया कि भाई की बदायूं में तैनाती के समय उसकी हरिओम से शादी हुई। दो बच्चे भी हुए। दोनों बच्चों को मुंबई स्थित एक फ्लैट में रहकर पढ़ाई करने की बात बताई है।
महिला ने नकदी, जेवरात और दुकान के कपड़ों को हड़पने का मामला बताया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
कमलेश त्रिवेदी, सीओ सकीट