कटघर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर किशोरी के साथ बलात्कार करने के आरोपी को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। वह तीन माह से लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। कोर्ट में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। आरोपी पीड़िता पर लगातार मुकदमे में फैसला करने का दबाव बना रहा था। इनकार कराने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था।
पीड़िता कटघर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसका प्रेम प्रसंग कांठ के आदमपुर गांव निवासी सज्जाद अली पुत्र मोहम्मद इकबाल से हो गया। सज्जाद पीड़िता के साथ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध भी बनाता रहा। परिवार वालों ने रिश्ते का विरोध किया, मगर पीड़िता ने आत्महत्या की धमकी दी। इसके बाद परिवार वालों ने भी रिश्ते को मंजूरी दे दी। आरोपी सज्जाद ने शादी करने का वायदा कर लिया। शादी की तारीख भी निर्धारित कर ली गई। इसके बाद उसने शादी करने से इनकार कर दिया। पीड़िता ने दबाव बनाया तो वह टाल-मटोल करता रहा। बाद में उसने शादी करने से ही इनकार कर दिया। पीड़िता ने इस संदर्भ में छह जून को कटघर थाने पर केस दर्ज कराया। तभी से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इंस्पेक्टर कटघर गजेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी का चालान कर दिया गया है।