यूपी : इंटरनेशनल लव जिहाद बताकर शिक्षिका को रोकने की मांग ! फ्लाइट से अमेरिका जा रही है मुरादाबाद की शिक्षिका, राष्ट्रीय बजरंग दल ने कहा – अमेरिका में दूसरे धर्म के युवक से निकाह कराने की साजिश

राष्ट्रीय बजरंग दल ने मुरादाबाद की एक शिक्षिका की अमेरिका यात्रा को रद्द करने की मांग की है। शिक्षिका रात 2 बजे की फ्लाइट से US जा रही हैं। राष्ट्रीय बजरंग दल का कहना है कि हिंदू शिक्षिका को उसके मुस्लिम पिता द्वारा साजिशन अमेरिका भेजा जा रहा है। वहां शिकागों में मुस्लिम युवक के साथ शिक्षिका की शादी कराई जाएगी।
राष्ट्रीय बजरंग दल के प्रांत प्रमुख रोहन सक्सेना के नेतृत्व में राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को एसएसपी बबलू कुमार को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अवंतिका कालोनी निवासी एक निजी स्कूल की शिक्षिका गुरुवार रात 2 बजे की फ्लाइट से अमेरिका जा रही हैं। वहां शिकागो में पहले से रह रहे मुरादाबाद के ही एक मुस्लिम युवक के साथ उनका निकाह कराने की साजिश है। राष्ट्रीय बजरंग दल ने इसे अंतर्राष्ट्रीय लव जिहाद बताते हुए शिक्षिका की अमेरिका यात्रा को रुकवाने की मांग की है। राष्ट्रीय बजरंग दल का कहना है कि अमेरिका में शिक्षिका का धर्म बदलवाकर उसका निकाह मुस्लिम युवक से करा दिया जाएगा।
राष्ट्रीय बजरंग दल ने दावा किया है कि शिक्षिका की मां ने एक मुस्लिम युवक से दूसरी शादी की थी। वह अवंतिका कालोनी में हिंदू नाम से ही शिक्षिका के घर में रहता है। आरोप है कि सौतेला मुस्लिम पिता अब हिंदू बेटी की शादी भी मुस्लिम समुदाय में ही कराना चाहता है। यूपी में धर्मांतरण के खिलाफ योगी सरकार सख्त कानून बना चुकी है इसलिए कार्रवाई से बचने के लिए शादी अमेरिका में की जा रही है। जिस मुस्लिम युवक से शादी का दावा किया जा रहा है वह मुरादाबाद का ही रहने वाला है। वह अमेरिका के शिकागो में नौकरी करता है।
शिक्षिका ने एक हिंदी दैनिक को बताया कि फिलहाल वह इंडिया में ही हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने एग्जाम दिया था। जिसमें वह पास हो गई हैं। इसके बाद पढ़ाई के सिलसिले में अमेरिका जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने बेवजह उनके अमेरिका जाने पर बतंगड़ खड़ा कर दिया है। शिक्षिका ने कहा कि संविधान उन्हें अपनी मर्जी से जीने का अधिकार देता है। उन्हें कुछ करना होगा तो वह स्वतंत्र हैं, लेकिन फिलहाल उनकी अमेरिका यात्रा पढ़ाई के सिलसिले में ही है।