बेटी को मायके ले जा रहे पिता की मौत, बेटी घायल

एटा। थाना अवागढ़ क्षेत्र स्थित गांव कोंडरा बंबा के पास बेकाबू ऑटो पलट गया। बेटी को मायके लेकर जा रहे पिता की मौत हो गई, बेटी घायल हुई है। इसके अलावा दो बाइकों की भिड़ंत में पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें से तीन को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है।
जिला फिरोजाबाद थाना फरिहा क्षेत्र के गांव नगला सुखी निवासी प्रहलाद सिंह (45) पुत्र नाथूराम की ऑटो पलटने से मौत हुई है। बेटी वीनेश घायल हो गई। मृतक के भतीजे गुड्डू ने बताया कि चचेरी बहन वीनेश की पांच माह पहले गांव खुशरई थाना अवागढ़ में शादी हुई थी। बहन का पहला रक्षाबंधन त्योहार होने के चलते सोमवार को चाचा बुलाने गए थे। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे खुशरई से बुलाकर ला रहे थे। कस्बा अवागढ़ से ऑटो में गांव के लिए सवार हुए थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
थाना पिलुआ क्षेत्र स्थित गांव अरथरा नहर पुल के पास सोमवार देर शाम बाइकों की भिड़ंत में अन्नू निवासी रेजुआ थाना जलेसर, 60 वर्षीय यादराम निवासी मोहनपुर थाना जलेसर, 15 वर्षीय हरी सिंह निवासी बिसौली थाना जलेसर, अल्तमश और अजीम निवासी हैदरी चौकी थाना व कस्बा मारहरा घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां से अल्तमश, अजीम और यादराम को आगरा रेफर कर दिया गया।