
जिला महिला अस्पताल में महिलाओं की कतारों में घुसे पुरुष, धक्का-मुक्की
एटा मे- कोविड टीकाकरण के लिए बनाए गए बूथों पर बदइंतजामी हावी है। बुधवार को जिला महिला अस्पताल में महिलाओं की कतारों में कई पुरुष घुस आए और धक्का-मुक्की हो गई। जिससे महिलाओं के लिए असहज स्थिति बन गई। जिला अस्पताल में एक ही कतार में महिलाओं को पुरुषों के साथ खड़ा होना पड़ा। बूथों पर एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। जानकारी के बाद विभाग ने महिलाओं के लिए टोकन और पुलिसकर्मियों की तैनाती का इंतजाम करने के लिए कहा है।
महिलाओं को कोरोना टीकाकरण कराने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए शासन ने अलग से महिला बूथ बनाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग ने जिला महिला अस्पताल में महिला स्पेशल बूथ बनाया है, लेकिन यहां पुरुष भी महिलाओं की कतार में घुसकर टीकाकरण कराने पहुंच जाते हैं। बुधवार को टीका पहले लगवाने को लेकर धक्का-मुक्की हुई। परेशान होकर कई महिलाएं व युवतियां कतार से बाहर निकल आईं। जबकि धक्का-मुक्की कर रहे पुरुषों को रोकने वाला वहां कोई नहीं था। ड्यूटी के तौर पर एक होमगार्ड मौजूद था, जिसकी सुनी नहीं जा रही थी। कुछ इसी तरह के हालात जिला अस्पताल में भी थे।