अब शनिवार को आसानी से लगवाए कोविड-19 टीका की दूसरी डोज –
-शनिवार को नहीं लगेगी कोरोना टीका की पहली डोज
एटा,10 अगस्त 2021।

कोविड-19 संक्रमण से बचने के लिए कोरोना का टीका लगवाना बेहद आवश्यक है। कोरोना से निजात के लिए वैक्सीन की दो डोज अनिवार्य है। ऐसे में कोरोना की दूसरी डोज़ लगवाने के लिए उत्साहित लोगों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें लाइन में लगने की जरूरत नहीं होगी। शनिवार का दिन सिर्फ दूसरी डोज़ वालों के लिए निर्धारित कर दिया गया है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ राम सिंह ने बताया कि जिले में कोरोना टीकाकरण अभियान काफी तेजी से चल रहा है। जिले में अब तक करीब 3.28 लाख लोग कोरोना टीका की पहली डोज लगवा चुके हैं। जबकि करीब 50000 लोगों ने ही टीका की दोनों डोज लगवाई हैं।जिले में सुबह से ही टीकाकरण केंद्रों पर टीका लगवाने के लिए लोगों की लाइन लग जाती है। ऐसे में टीका की दूसरी डोज लगवाने वाले कई लाभार्थी लाइन में लगने व भीड़ को देखकर दूसरी डोज लगवाने में ढील बरत रहे है।ऐसे में प्रत्येक शनिवार को सभी टीकाकरण केंद्रों पर सिर्फ दूसरी डोज वाले लाभार्थियों का टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित किया गया है। दूसरी डोज वाले लाभार्थी cowin.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कराने के बाद स्लॉट बुक करके नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर अपना टीकाकरण करवा सकते हैं। द्वतीय डोज के जिन लाभार्थियों द्वारा स्लाट बुक किया गया है,उन्हें 9 से 11 बजे तक वैक्सीन लगायी जायेगी | 11 बजे के पश्चात द्वितीय डोज के सभी लाभार्थियों ( स्लाट बुकिंग वाले एवं वाक् इन वाले) का द्वितीय डोज का टीकाकरण किया जायेगा | 45 वर्ष से ऊपर के समस्त द्वितीय डोज के लाभार्थियों का प्राथमिकता के आधार पर टीकाकरण पूर्ण किया जाना है |
शनिवार के दिन सिर्फ दूसरी डोज लगाने का उद्देश्य यह है कि अधिक से अधिक लोगों को कोविड टीका की दोनों डोज लगाई जा सके।
जिले में शनिवार के दिन कोविड-19 टीका की पहली डोज लगवाने के लिए न तो पंजीकरण ही होगा न ही स्लॉट बुक किया जाएगा। शनिवार के दिन केवल दूसरी डोज वाले लाभार्थियों के लिए स्लॉट खोले जाएंगे। इसके साथ ही जिन लाभार्थियों का दूसरी डोज लगवाने का समय हो चुका है व उन्होंने डोज नहीं लगवाई है तो उन लाभार्थियों को कॉल करके टीका की दूसरी डोज लगवाने के लिए रिमाइंड भी कराया जाएगा।
डीआईओ ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए टीका की दोनों डोज लगवाना बहुत आवश्यक है। दोनों डोज लगवाने के बाद ही शरीर में वायरस से लड़ने के लिए रोग प्रतिरोधक क्षमता अच्छी तरह विकसित होती है। इसलिए टीका कि दोनों डोज अवश्य लगवाएं।