एटा मेडिकल कॉलेज: लोकार्पण के संशय को प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने किया दूर, कही ये बात

~एमसीआई (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) की टीम निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखती है। टीम ने यहां निरीक्षण किया है, यह संतोषजनक रहा है। उसका प्रमाणपत्र मिलते ही मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।~
एटा – मेडिकल कॉलेज के लोकार्पण के संशय के बीच स्थिति स्पष्ट करते हुए गुरुवार को प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि एमसीआई (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) की टीम निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखती है। टीम ने यहां निरीक्षण किया है, यह संतोषजनक रहा है। उसका प्रमाणपत्र मिलते ही मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा। यहां अन्न महोत्सव व बैग वितरण के बाद पत्रकारों के जवाब में प्रभारी मंत्री ने यह बातें कहीं। कहा कि लोगों के लिए वैश्विक महामारी ने समस्याएं खड़ी कर दीं। सरकार गरीबों को निशुल्क राशन दे रही है।
इससे पहले कलक्ट्रेट सभागार में राज्यमंत्री चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, परिवार कल्याण तथा मातृ एवं शिशु कल्याण उप्र व जिले के प्रभारी मंत्री अतुल गर्ग ने 37 प्राथमिकता बिंदुओं पर समीक्षा बैठक की। कहा कि जो भी विकास एवं निर्माण कार्य चल रहे हैं, उनको हर हाल में दिसंबर तक पूरा कराएं। मेडिकल कॉलेज के निर्माण कार्य की समीक्षा के दौरान पाया कि लेक्चर हॉल, सेंट्रल लाइब्रेरी, हॉस्टल का कार्य पूरा हो चुका है। शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन होने से चिकित्सा सुविधाएं बेहतर होंगी। लोगों को इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सीएमओ को निर्देश दिए कि ग्रामीण अंचल के अस्पतालों में चिकित्सा सुविधाओं, चिकित्सकों की समय से उपस्थिति पर पूरा ध्यान दें। कोविड की तीसरी लहर आने से पहले ही सभी इंतजाम कर लें।
ये रहे बैठक में मौजूद
बैठक के दौरान सदर विधायक विपिन वर्मा डेविड, मारहरा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, जलेसर विधायक संजीव कुमार दिवाकर, भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, डीएम अंकित अग्रवाल, सीडीओ डॉ. अवधेश कुमार बाजपेयी, मेडीकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश गुप्ता, सीएमओ डॉ. उमेश कुमार त्रिपाठी, सीएमएस डॉ. अशोक कुमार, डॉ. राजेश अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।