
पालिकाध्यक्ष और सभासदों ने विद्युत उपकेंद्र पर जड़ा ताला
एटा। टीडीजेड (ताज ट्रिपेजियम जोन) में शामिल होने के बाद भी जलेसर कस्बे में अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। इससे गुस्साए पालिकाध्यक्ष व सभासदों ने सोमवार को विद्युत उपकेंद्र पर ताला जड़ दिया। पालिकाध्यक्ष विकास मित्तल का कहना था कि बिजली के अभाव में पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। इससे कस्बे की जनता पानी के लिए परेशान है। उन्होंने अवर अभियंता पर अवैध वसूली के भी आरोप लगाए।
जलेसर नगर पालिकाध्यक्ष सोमवार दोपहर सभासदों के साथ विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे। एसडीओ हरिओम सोनी सहित निगम के अन्य कर्मचारियों से कटौती को लेकर विरोध जताया। कर्मचारियों ने बताया कि 20 से 22 घंटे आपूर्ति दी जा रही है। इस पर विवाद बढ़ गया और पालिकाध्यक्ष व सभासदों ने विद्युत उपकेंद्र पर ताला डाल दिया। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि कस्बे में पानी की 13 टंकी हैं। 25 वार्ड में 12 हजार के करीब पानी के कनेक्शन हैं।
बिजली कटौती के कारण इन लोगों को पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कस्बे को बमुश्किल चार से छह घंटे आपूर्ति दी जा रही है। इस दौरान भी ट्रिंपिग होती है। ऐसे में पानी की टंकियों को कैसे भरा जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विद्युत उपकेंद्र पर एक तैनात जेई द्वारा कस्बे में अवैध वसूली की जा रही है। उसके स्थानांतरण के लिए अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखा है।
रुपये लेने के बाद भी नहीं हुआ कनेक्शन
हसनगढ़ निवासी राजकुमार ने एसडीओ से शिकायत की। बताया कि उन्होंने ट्यूबवेल का कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया। जेई अपने सहयोगी के साथ निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने 15 हजार रुपये मांगे। 10 हजार रुपये जेई को दिए। इसके बावजूद अभी तक कनेक्शन नहीं हो पाया है।