बार-बार टूट रही पेयजल लाइन, पालिका को नहीं जानकारी

बार-बार टूट रही पेयजल लाइन, पालिका को नहीं जानकारी
एटा। सीवर लाइन की खोदाई के चलते शहर में बार-बार पानी सप्लाई की पाइप लाइन टूट रही है, लेकिन पालिका अनजान है। दो दिन पहले जीटी रोड तो रविवार को किदवई नगर में लाइन टूटने से पानी बहने लगा। इससे आठ मोहल्लों की जलापूर्ति बाधित हो गई। शहर में जीटी रोड और किदवई नगर मार्ग पर सीवर लाइन डाली जा रही है।
इसके लिए खोदाई के दौरान कई जगहों पर पानी सप्लाई की पाइप लाइन टूट रही है। जिससे घरों तक पहुंचने वाली जलापूर्ति बाधित हो रही है। रविवार को किदवई नगर मार्ग पर सीवर लाइन खोदने के दौरान पानी की पाइप लाइन टूट गई। खोदे गए गड्ढों में पानी भरने के कारण सीवर लाइन डालने और आगे खोदाई के काम को रोक दिया गया। इस बीच काफी मात्रा में पानी बर्बाद हुआ और सड़क पर भर गया।
जलकल प्रभारी को नहीं पता कहां टूटी पाइप लाइन
नगर पालिका के जलकल प्रभारी सुरेश चंद्र वर्मा को शहर में पानी की पाइप लाइन टूटने की जानकारी नहीं रहती। लोग फोन कर जब पानी की पाइप लाइन टूटने या जलापूर्ति न मिलने की बात पूछते हैं तो एक ही जवाब होता है कि जानकारी नहीं है।
कैलाशगंज तिराहा पर फिर लीक हुई पाइप लाइन
कैलाश गंज तिराहा पर दो दिन पहले ही सीवर लाइन खोदाई के दौरान पानी की पाइप लाइन टूटी थी। जिसे जल निगम के कर्मचारी पूरे दिन ठीक करते नजर आए। रविवार को उसी जगह पर फिर से पानी की पाइप लाइन में लीकेज हो गया, जिससे पानी भर गया।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks