
कर्मचारी से अभद्रता पर सफाई कर्मचारियों ने की हड़ताल
एटा। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारी के साथ कुछ लोगों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अभद्रता कर दी। इस पर सफाई नायक ने कोतवाली नगर में तहरीर दी लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। दोपहर बाद सभी सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। सफाई नायक बालकपूर द्वारा बुधवार सुबह करीब दस बजे कचहरी चौराहा पर नाली की सिल्ट निकलवाई जा रही थी। आरोप है कि इसी वक्त शहर के ही कुछ लोग जातिसूचक शब्द का प्रयोग करते हुए सफाई कर्मचारियों के साथ अभद्रता करने लगे। इसके साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी।
इस पर सफाई नायक बालकपूर ने दिनेश चंद्र जैन और राजीव कुमार निवासी रेवाड़ी मोहल्ला तथा अमित कुमार जैन निवासी प्रेम नगर चौराहा के खिलाफ कोतवाली नगर में तहरीर दी, लेकिन दोपहर तक पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। इस पर आक्रोशित सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल का एलान कर दिया और दूसरी पाली में शहर में सफाई कार्य नहीं किया। नगर पालिका परिसर में हड़ताल पर बैठ गए। वह आरोपियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रहे थे। कोतवाली प्रभारी सुभाष बाबू ने बताया कि कर्मचारियों और मेठ के बीच का मामला है। जिसकी जांच कराई जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी