
भीड़ के दबाव में कर्मचारियों ने जोड़े हाथ
एटा। कोविड वैक्सीन की कमी और लोगों की भीड़ के चलते टीकाकरण केंद्रों पर लगातार आपाधापी और हंगामे की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को जिला अस्पताल के बूथ पर सुबह से ही काफी भीड़ एकत्रित हो गई। यहां पहले टीकाकरण के लिए छीनाझपटी की नौबत आ गई। भीड़ के दबाव में कर्मचारी हाथ जोड़कर खड़े हो गए, तब कहीं जाकर लोग शांत हुए। जिला अस्पताल व महिला जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने के लिए सुबह से लोगों की भीड़ लग गई। भीड़ बढ़ते देख जिला अस्पताल में 100 व्यक्तियों के आधार कार्ड जमा करा लिए गए। टीकाकरण का कार्य नंबर लगाकर शुरू कर दिया गया। इस दौरान कुछ लोग आए और होमगार्ड के हाथ से कार्ड लेकर देखने लगे। इसी बीच एक व्यक्ति ने अपना कार्ड बीच में लगा दिया। वहां पहले से मौजूद लोगों ने इसका विरोध किया। इस पर हंगामे की स्थिति बन गई। स्वास्थ्यकर्मियों ने उन्हें शांत करने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं माने। इस पर कर्मी लोगों के सामने हाथ जोड़कर शांत रहने के लिए अनुरोध करने लगे। स्वास्थ्यकर्मियों का कहना था कि हंगामा न करो, प्रत्येक व्यक्ति को वैक्सीन लगाई जाएगी। जिसके बाद लोग पीछे हटे और अपनी बारी का इंतजार करने लगे।