आपदा में भी परिवार नियोजन की तैयारी——
सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी जिम्मेदारी——
====================
एटा
विश्व जनसंख्या दिवस (11 जुलाई) मनाने की तैयारियां स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी हैं । इस बार विश्व जनसंख्या दिवस की थीम ‘ आपदा में भी परिवार नियोजन की पूरी जिम्मेदारी, सक्षम राष्ट्र और परिवार की पूरी तैयारी’ रखी गई है। पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य जनसाधारण को सीमित परिवार के बारे में जागरूक बनाने के साथ-साथ परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति प्रदान करना है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि विश्व भर में विश्व जनसंख्या दिवस 11 जुलाई को मनाया जाता है। इससे पहले दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा मनाया जाएगा, जो कि 27 जून से 10 जुलाई तक चलेगा । 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस के साथ विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की शुरुआत की जाएगी । यह पखवाड़ा 11 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाया जाएगा । विश्व जनसंख्या स्थिरता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य जनसंख्या स्थिरीकरण हेतु समाज को जागरूक करना व परिवार नियोजन कार्यक्रम व साधनों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना है। स्वास्थ्य विभाग ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं | पखवाड़ा के दौरान ब्लॉक स्तर के सभी सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की आशा कार्यकर्ताओं व सामुदायिक स्तर के कार्यकर्ताओं को परिवार नियोजन संबंधी गर्भनिरोधक सामग्री व अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे अधिक से अधिक लोगो तक परिवार नियोजन के साधनों की पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
परिवार नियोजन कार्येक्रम के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ सुधीर कुमार ने बताया कि 27 जून से प्रारंभ होने वाले दंपत्ति संपर्क पखवाड़ा के दौरान आशा कार्यकर्ता अपने कार्य क्षेत्र में योग्य दंपत्ति को चिन्हित करेंगी। लक्षित दंपत्ति को परिवार नियोजन के लिए बास्केट ऑफ च्वाइस के बारे में जानकारी उपलब्ध कराएंगी । इसके साथ ही दो बच्चों के जन्म में तीन वर्ष का अंतराल और परिवार नियोजन में पुरुषों की सहभागिता, प्रसव उपरांत परिवार नियोजन आदि विषयों पर दंपत्ति को जागरूक करेंगी । कोविड को देखते हुए आशा कार्यकर्ता व्यक्तिगत दूरी बनाए रखते हुए व्हाट्सएप, एस एम एस व अन्य ऑनलाइन माध्यमों से भी सामुदायिक स्तर पर इच्छुक लाभार्थियों को परिवार नियोजन साधनों के विषय में जानकारी प्रदान करेंगी।
एसीएमओ डॉ सुधीर कुमार ने बताया कि 11 जुलाई विश्व जनसंख्या दिवस से सेवा प्रदायगी जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा की शुरुआत होगी। इस दौरान कोविड के अनुरूप व्यवहारों का पालन करते हुए इच्छुक लाभार्थियों को परिवार नियोजन के विभिन्न गर्भनिरोधक पर काउंसलिंग की जाएगी और परिवार नियोजन के सभी गर्भनिरोधक साधन निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। पखवाड़ा के दौरान आशा कार्यकर्ता लाभार्थियों को गर्भनिरोधक इंजेक्शन अंतरा और प्रसव पश्चात आईयूसीडी व पीपीआईयूसीडी सेवाओं को स्वीकार करने हेतु विशेष रूप से प्रेरित करेंगी । इच्छुक लाभार्थियों के लिए पुरुष व महिला नसबंदी के प्री रजिस्ट्रेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।