
राशन वितरण में नहीं पहुंचे नोडल अधिकारी
एटा। रविवार से माह के द्वितीय चरण का निशुल्क राशन वितरण शुरू किया गया। वितरण में पारदर्शिता व कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए डीएम के निर्देश पर हर दुकान के लिए नोडल अधिकारी तैनात किए गए, लेकिन कई दुकानों पर नोडल अधिकारी नहीं पहुंचे। जहां पहुंचे वहां कुछ देर रुकने के बाद चले गए।
सुबह 11 बजे, जीटी रोड पर लक्ष्मीबाई स्कूल के पास
जीटी रोड स्थित राशन की दुकान पर सुबह 11 बजे तक 50 कार्डधारक राशन ले जा चुके थे। यहां डीलर के अलावा नोडल अधिकारी विजय कुमार मौजूद थे। कोविड गाइडलाइन के नियमों का पालन कराया जा रहा था।
दोपहर 12 बजे, बाबूगंज
बाबूगंज स्थित राशन की दुकान पर 12 बजे तक 60 कार्डधारक राशन ले गए। डीलर प्रमोद कुमार जैन ने बताया कि कोरोना गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है। नोडल अधिकारी का नाम नहीं पता है। आए और तुरंत ही चले गए।
दोपहर 12:45 बजे, रेलवे रोड
रेलवे रोड स्थित अरुणा नगर में राशन की दुकान पर दोपहर 12:45 मिनट तक 146 कार्ड धारकों ने राशन ले लिया था। दुकान पर नोडल अधिकारी ब्रजराज सिंह मौजूद मिले। उन्होंने बताया नियमों के मुताबिक राशन का वितरण कराया जा रहा है।
दोपहर एक बजे, नई बस्ती
नई बस्ती स्थित जन कल्याण उपभोक्ता समिति की दुकान पर राशन का वितरण किया जा रहा था। यहां दोपहर एक बजे तक 94 कार्डधारक राशन ले गए थे। डीलर रमेश चंद्र यादव ने बताया कि दुकान पर कोई नोडल अधिकारी नहीं आए। उन्हें पता भी नहीं है कि यहां किसकी ड्यूटी लगाई गई है।