बारिश के बिना ही गलियां कीचड़ से हुई लबालब!

एटा। जिला मुख्यालय पर स्थित नगर पालिका परिषद एटा के कार्य की गवाही लगातार यहां की गलियां दे रही है। कहीं गलियों के गढ्ढों में ठोकर खाते लोग हैं, तो कहीं गलियों के बाहर नालियों से उफनता पानी बह रहा है।
आपको बता दें हम बात कर रहे हैं एटा नगर पालिका परिषद के कारनामों की! जब से शहर में सीवर लाइन का कार्य प्रारंभ हुआ है तब से लगातार ही एटा की हर गली खुदी पड़ी है। कहीं गड्ढे हैं तो कहीं जलभराव की समस्या है। अगर अभी से यह हाल है तो आने वाले समय में क्या स्थिति होगी यह आप स्वयं समझ सकते हैं! जल्द ही मानसून प्रारंभ होने वाले हैं और बरसात के इस मौसम में शहर की स्थिति बद से बदतर होने वाली है।
सीवर लाइन निर्माण के चलते जहां जीटी रोड भी खुदा हुआ पड़ा है, वहीं अभी तक बरसात से पूर्व होने वाली नालों की सफाई भी नहीं की गई है। अगर यही हाल रहा तो नगर के वाशिंदे आने वाले बरसात के मौसम में एक नारकीय जीवन जीने को मजबूर होंगे।
आपको बता दें विगत कई दिनों से शहर के प्रसिद्ध प्रेम नगर चौराहे पर भगीपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर नाली के बाहर निकलता पानी गली को पूर्णरूपेण नाले में तब्दील कर देता है। उधर से गुजरने वाले लोग या तो उस पानी में गिरकर गोते खाते नजर आते हैं या फिर किसी तरह से बच बचाकर निकलते हुए अपनी मंजिल तक पहुंचते हैं।
जहां कुछ समय पूर्व नगर के एक मात्र शमशान घाट मोक्ष धाम की ओर जाने वाले मार्ग पर जलभराव एवं कीचड़ की भारी समस्या देखी गई थी, तो वहीं अब शहर की हर गली में यही स्थिति हो सकती है अगर बरसात से पहले नगर पालिका प्रशासन की नींद नहीं खुली तो!