
अनुपस्थित मिले दो सफाई कर्मचारी निलंबित
एटा। विकासखंड सकीट क्षेत्र की ग्राम पंचायत चांदपुर लोकसपुर में पंचायत भवन जर्जर अवस्था में है। जबकि पूर्व में जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान इसे सही कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद लापरवाही बरतने वाले ग्राम पंचायत सचिव को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। वहीं इसी ब्लॉक की ग्राम पंचायत मिर्जापुर सई में अनुपस्थित दो कर्मचारियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया है।
ग्राम पंचायत चिलासनी एवं चांदपुर लोकसपुर का निरीक्षण डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी ने किया। चांदपुर लोकसपुर में सफाई कर्मियों की टीम कार्य करते हुए पाई गई, लेकिन पंचायत भवन जर्जर हाल मिला। पूर्व में डीएम के निर्देश के बावजूद ग्राम पंचायत सचिव की लापरवाही के कारण इसे अभी तक ठीक नहीं कराया गया है।
इसी प्रकार सामुदायिक शौचालय के रखरखाव के लिए नामित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को मानदेय नहीं दिया गया। इस स्थिति पर डीपीआरओ ने ग्राम पंचायत सचिव रामनरेश को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर दी। वहीं ग्राम पंचायत मिर्जापुर सई में सफाई कर्मी रत्ना देवी और दुष्यंत अनुपस्थित थे। दोनों को निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।