
शिकायतों के बाद ईओ ने हटाई किराए की कार
एटा। चर्चाओं में रही नगर पालिका एटा के ईओ की किराए की गाड़ी का अनुबंध खत्म कर दिया गया है। इस कार को नियम विरुद्ध तरीके से लगाने का आरोप और शिकायतें शासन स्तर तक पहुंच गई थीं। नगर पालिका द्वारा एक टीयूवी-300 कार 2019 में अनुबंधित की गई। जिसका प्रयोग अधिशासी अधिकारी करते थे। इस मामले में शहर के अनुज प्रकाश गुप्ता ने आईजीआरएस के माध्यम से शासन में शिकायत की। कहा कि गाड़ी को किराए पर लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया संदेहास्पद है। कार स्वामी करीबी को फायदा पहुंचाने के लिए सारे नियम-कायदे ताक पर रखे गए हैं। कार व्यक्तिगत श्रेणी की है।
जबकि किराये पर लेने के लिए कार व्यवसायिक श्रेणी की होनी चाहिए। जिसमें सरकार को राजस्व प्राप्त होता है। यही नहीं केवल कार को 22 हजार प्रति माह से अधिक रुपये में लगाया गया है। चालक का वेतन अलग से पालिका फंड से दिया जाता है। मामला शासन में पहुंचने के बाद जब आईजीआरएस शिकायत निस्तारण करने के निर्देश मिले तो कार को हटा दिया गया। नगर पालिका ने कार स्वामी को पत्र जारी कर कहा है कि पूर्व में कार को व्यवसायिक श्रेणी में पंजीकृत कराने के लिए कहा था। ऐसा न करने पर अनुबंधित वाहन को हटा दिया गया है।