ढाबे पर बिकती मिली देसी शराब
एसडीएम ने दिया आबकारी निरीक्षक को अनुज्ञापी के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश

एटा।जलेसर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत रविवार को शराब की दुकानों तथा ढाबों पर छापामारी के दौरान ढाबे पर अवैध देसी शराब बरामद होने पर ढाबा संचालक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं शराब की दुकान के अनुज्ञापी के विरुद्ध एफआईआर के निर्देश दिए हैं।
अलीगढ़ में अवैध शराब के चलते एक सैकड़ा से अधिक लोगों की मौत के बाद शासन के निर्देश पर पर अवैध शराब की बिक्री को रोकने की मंशा से रविवार को उपजिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने क्षेत्राधिकारी पुलिस सुनील कुमार त्यागी के साथ तहसील क्षेत्र की शराब की दुकानों तथा ढाबों पर छापामारी की।
एसडीएम मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि छापामारी के दौरान एटा टूंडला मार्ग स्थित न्यू रॉयल ग्रीन फैमिली रेस्टोरेंट पर 17 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद हुई। पूछताछ करने पर ढाबा संचालक निरंजन सिंह ने बताया कि वह ठेका देसी शराब चुरथरा से शराब लाकर बेचता है। तदोपरांत उन्होंने ठेका देसी शराब चुरथरा पर छापामारी की। शराब की दुकान पर अनियमितता मिलने पर अनुज्ञापी उदयभान सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कराए जाने हेतु आबकारी निरीक्षक निहांत यादव को निर्देश दिए हैं। वही ढाबा संचालक के विरुद्ध थाना अवागढ़ में एफआईआर पंजीकृत कराई गई है।