
*राजस्थान : जोधपुर पुलिस की करतूत, बजरी सप्लायर को 1 किलो अफीम थमाकर वसूले 6 लाख रुपये* *जोधपुर* । सीएम अशोक गहलोत के गृह जिले जोधपुर में खाकी पर एक बार फिर से दाग लगा है । यहां एक बजरी सप्लायर से पुलिस (Police) द्वारा जबरन 6 लाख की वसूली करने का मामला सामने आया है । हैरान करने वाली बात यह सामने आ रही है कि पुलिस ने बजरी सप्लायर से यह रकम उसे एक किलो अफीम देकर वसूली है । मामला जब पुलिस कमिश्नर तक पहुंचा तो उन्होंने एक पुलिस निरीक्षक और तीन सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है । वसूली का यह मामला : वसूली का यह मामला कुड़ी भगतासनी थाने से जुड़ा है । दस दिन पहले कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने एक बजरी सप्लायर को जबरन एक किलो अफीम की थैली थमा कर उससे 6 लाख रुपए की डिमांड कर दी । पुलिस ने 6 लाख रुपए नहीं देने पर बजरी सप्लायर को एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी दी । इसके बाद बजरी सप्लायर ने अपने साले से 6 लाख रुपए पुलिस के बताए जगह पर पहुंचा दिए । 6 लाख रुपए आने के बाद पुलिस ने बजरी सप्लायर को छोड़ दिया । दस दिन बाद घटना की जानकारी पुलिस कमिश्नर के पास आने पर उन्होंने सीआई जुल्फिकार अली, कांस्टेबल शांतिलाल, ज्ञानचंद मीणा और सरदार सिंह को सस्पेंड कर दिया । तीन कांस्टेबलों ने खेला वसूली का खेल: जानकारी के अनुसार कुड़ी हाउसिंग बोर्ड में कालू बाबल का डंपर चलता है । 20 मई को कुड़ी थाने के तीन कांस्टेबलों ने सादी वर्दी में कालू को रोककर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया । तीनों कांस्टेबल ने कालू को एक किलो अफीम की थैली थमाकर उसको एनडीपीएस एक्ट में फंसाने की धमकी देते हुये 6 लाख रुपए की डिमांड कर डाली । कालू ने डरकर अपने साले स्वरूप से 6 लाख रुपए मंगवाए और तीनों कांस्टेबल को वह रकम देकर अपनी जान छुड़वाई । थानाप्रभारी को भनक तक नहीं लगी: हैरान करने वाली बात यह रही कि थानाप्रभारी सीआई जुल्फिकार अली को इस मामले की भनक तक नहीं लगी । इसके बाद डीसीपी आलोक श्रीवास्तव ने तो तीनों कांस्टेबल को सस्पेंड किया । पुलिस कमिश्नर ने इसके साथ ही सीआई जुल्फिकार अली को लापरवाही और मॉनिटरिंग में चूक करने के आरोप में सस्पेंड कर दिया । मामला खुला तो पीड़ित को पैसे भी लौटा दिए : इस बीच जैसे ही वसूली का खेल बिगड़ने लगा तो कांस्टेबल ज्ञानचंद, शांतिप्रकाश और सरदार सिंह ने तुरंत कालू व उसके साले स्वरूप की तलाश शुरू कर उनको 6 लाख वापस देकर मामले को दबाने में लग गए । पैसे लौटा कर उन्होंने कालू और स्वरूप को धमकाया की मामला बाहर नहीं आना चाहिए लेकिन खेल बिगड़ने पर तीनों कांस्टेबल गायब हो गए । लिहाजा पुलिस प्रशासन ने तीनों कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया ।