
खाद-बीज व कीटनाशक के भरे 44 सैंपल, तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित
एटा। जिलाधिकारी के निर्देश पर बृहस्पतिवार को खाद-बीज व कीटनाशक की दुकानों पर छापामार कार्रवाई के लिए तीन टीम का गठन किया। टीमों ने 115 खाद-बीज व कीटनाशक की दुकानों पर छापेमारी की। तीन दुकानों के लाइसेंस निलंबित किए। खाद, बीज व कीटनाशक के 44 सैंपल भरे।
टीमों ने छापामार कार्रवाई करते हुए खाद के 8, उर्वरक के 4 और बीज के 32 सैंपल भरे। जलेसर में इसौली चौराहा स्थित न्यू कृषि सेवा केंद्र पर अप्रमाणित धान का बीज बिकता मिला। वहीं दुकानदार के पास स्टॉक व बिक्री रजिस्टर सहित अन्य कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इस पर दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया। वहीं अलीगढ़ की एक कंपनी सत्या नीड्स कॉरपोरेशन को नोटिस जारी किया गया। जलेसर में प्रकाश खाद बीज भंडार और पुजारी बीज भंडार का भी लाइसेंस निलंबित किया गया है। दोनों प्रतिष्ठानों पर स्टॉक व बिक्री रजिस्टर नहीं मिला। कृषकों को उर्वरक बिक्री की रसीद भी नहीं दी जा रही थी।