आपकी छोटी से मदद संवार सकती है बच्चों का भविष्य, उनके सपनों को दे सकती है उड़ान-जिलाधिकारी
हेल्पलाइन नं0 1098 या 181 पर अनाथ हुये बच्चों की जानकारी दें।
कासगंज: जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि बच्चे देश की धरोहर एवं हमारा भविष्य हैं। बच्चों के जीवन को बचाना एवं उन्हें सामाजिक, आर्थिक रूप से सशक्त बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। हम ऐसे जन्म से 18 वर्ष तक के बच्चों को चिन्हित करना चाहते हैं, जिन्होंने इस कोविड महामारी में अपने माता पिता को खो दिया है अथवा जिनके माता पिता संक्रमित हैं या किसी अन्य कारण से महामारी के दौरान अस्पताल में हैं। घर पर इन बच्चों की देखभाल करने वाला कोई नहीं है।
ऐसा भी हो सकता है कि कोई आपराधिक तत्व ऐसी स्थितियों का लाभ उठाना चाहता है, सोशल मीडिया से अपने परिवार को खोने वाले बच्चों को अवैध रूप से गोद लेने की पेशकश की जा रही हो। शासन, प्रशासन का उद्देश्य ऐसे बच्चों को किसी जोखिम तथा आपराधिक तत्वों से बचाना तथा उन्हें सुरक्षा व संरक्षण प्रदान करना है। ऐसे बच्चों को खानपान, उपचार एवं सामाजिक सुरक्षा तथा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिये बाल कल्याण समिति के माध्यम से पुनर्वासन की कार्यवाही की जायेगी।

जिलाधिकारी ने समस्त नागरिकों तथा बाल हित से जुड़े समस्त सामाजिक, स्वैच्छिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि ऐसे बच्चों को चिन्हांकित करते हुये चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या महिला हेल्पलाइन 181 पर तुरंत सूचित करें तथा गैर कानूनी तरीके से ऐसे बच्चों को गोद लेने व देने वालों की भी सूचना दें। आपकी थोड़ी सी मदद ऐसे बच्चों को उचित परवरिश दिलायेगी साथ ही उन बच्चों के सपनों को उड़ान देने व उनके सर्वांगीण विकास में मददगार सिद्व होगी। हेल्प लाइन नं0 1098 तथा 181 के अलावा जिला प्रोबेशन अधिकारी कासगंज के मोबा0नं0 7518024068 या संरक्षण अधिकारी के नं0 7078403332 या सेन्टर मैनेजर वन स्टाॅप सेन्टर के नं0 8077748807 अथवा महिला शक्ति केन्द्र के नं0 8433456368 पर संपर्क कर सूचना दे सकते हैं।
तहसील कासगंज में नीलामी प्रकिया आज।
कासगंज: उपजिलाधिकारी कासगंज ललित कुमार ने सूचित किया है कि 12 मई 2021 की शाम को आई तेज आंधी के कारण तहसील परिसर कासगंज में स्थित एक बहुत पुराने टूटे हुये पीपल के पेड़ की नीलामी/बोली की प्रक्रिया आज 04 जून, 2021 को पूर्वान्ह 11 बजे प्रारंभ की जायेगी। इच्छुक व्यक्ति नीलामी प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी तहसील नजारत कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है।
पात्र दिव्यांगजनों को दुकान निर्माण व संचालन के लिये मिलेगा अनुदान।
कासगंज: जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी ज्ञान देवी द्वारा जनपद के समस्त दिव्यांगजनों को सूचित किया गया है कि विभाग द्वारा संचालित दुकान निर्माण एवं संचालन योजना के अंतर्गत पात्र दिव्यांग जनों को दुकान संचालन हेतु 10 हजार रू0 तथा दुकान निर्माण हेतु 20 हजार रू0 अनुदान देने का प्राविधान है।
इच्छुक पात्रों की दिव्यांगता 40 प्रतिशत से कम न हों। ऐसे पात्र अपना आवेदन पत्र वेबसाइट-दिव्यांगजन दुकान डाॅट यूपीएसडीसी डाॅट जीओवी डाॅट इन पर आॅनलाइन कराते हुये अपना आय, निवास, जाति, आयु प्रमाण पत्र, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक तथा आधार कार्ड की छायाप्रति के साथ आवेदन पत्र विकास भवन के कक्ष सं0 13 में स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी कार्यालय में जमा करा दें। ताकि अग्रिम कार्यवाही की जा सके।
जनपद में निषेधाज्ञा जारी। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों पर भीड़ न लगायें।
कासगंज: जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने कहा कि कोविड-19 महामारी की रोकथाम हेतु संक्रमण को फैलने से रोकने, मानव जीवन, स्वास्थ्य की सुरक्षा तथा जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिये जिले में धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता लागू है। जो 15 जुलाई 2021 तक प्रभावी रहेगी।