
पंजाब के बाद राजस्थान कांग्रेस में स्पष्ट दिखा घमासान, CM गहलोत के सामने ही भिड़ गये 2 मंत्री
राजस्थान में कांग्रेस सत्ता और संगठन के बीच टकराव के हालात बन गए हैं. नौबत यहां तक आ गई है कि मंत्री परिषद की बैठक में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सामने ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा का वरिष्ठ मंत्री शांति धारीवाल ने खुलकर विरोध कर दिया. दोनों नेताओं ने एक दूसरे को देख लेने की धमकी तक दे डाली.
मंत्रिपरिषद की बैठक में मुख्यमंत्री से शिकायत करने के बाद प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा संगठन के कामकाज से दूरी बनाने वाले मंत्रियों की शिकायत सीधे सोनिया गांधी से करेंगे. कहा जा रहा है कि आज शाम तक पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा इसकी रिपोर्ट सोनिया गांधी को भेजेंगे लेकिन यह पहला मामला नहीं है जब सत्ता और संगठन के बीच टकराव के हालात बने हो.
दरअसल, पिछले काफी समय से संगठन के कार्यक्रमों से मंत्रियों की लगातार दूरी नजर आ रही है. प्रदेश कांग्रेस की ओर से हाल ही में जितने भी सोशल मीडिया कैंपेन चलाए जा रहे हैं, वो अखिल भारतीय कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे हैं, लेकिन बावजूद इसके गहलोत सरकार के मंत्रियों ने संगठन के कामों से दूरी बनाई हुई है. इतना ही नहीं, राष्ट्रीय कांग्रेस की आह्वान और मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद भी 8 मंत्रियों ने बनाई वैक्सीन अभियान से दूरी बनाई हुई है.