
रंगशाला में छींटाकशी के विरोध पर हमला, चार घायल
~युवती और महिला की हालत गंभीर रेफर संघर्ष की अन्य घटनाओं में पांच जख्मी~
एटा: कोतवाली देहात क्षेत्र में बरात चढ़ने के दौरान रंगशाला में नृत्य कर रहीं लड़कियों से छींटाकशी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने हमला कर पथराव कर दिया। इसमें महिला और उसके दो बेटों समेत चार घायल हो गए। महिला व युवती की हालत चिताजनक देखते हुए उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। अन्य घटनाओं में दंपती समेत पांच जख्मी हुए हैं।
बुधवार रात 11.30 बजे ग्राम मानपुर में रेवती सिंह की बेटी की कासगंज जनपद के अमांपुर से आई बरात चढ़ रही थी। रंगशाला में डांस कर रहीं लड़कियों से गांव के ही कुछ लोगों ने छींटाकशी कर दी। इसका जयकिशन के परिवार के लोगों ने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर रीतेश ने अपने अन्य साथियों की मदद से लाठी-डंडे से हमला करने के बाद पथराव कर दिया। इसमें जयकिशन की पत्नी गीता देवी, पुत्र सनी, आशीष कुमार तथा परिवार के ही विद्याराम की बेटी रुकमणि घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गीता देवी व रुकमणि को आगरा रेफर कर दिया गया।
ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी के प्रभारी अभिलाख सिंह ने बताया कि हमला व पथराव के संबंध में घायल और उनके स्वजन की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
दूसरी ओर बागवाला थाना क्षेत्र के ग्राम नगला दीप में हुई मारपीट में रचना देवी और उसका पुत्र गौरव घायल हुए हैं। वहीं अवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कुसबा में सुखवीर ने तीन अन्य स्वजन की मदद से मारपीट कर फीरोजाबाद जनपद के नारखी थाना क्षेत्र के ग्राम लखनई निवासी ताराचंद्र और उसकी पत्नी गुड्डी देवी को घायल कर दिया। इसके अलावा मारहरा थाना क्षेत्र के ग्राम फतेहपुर माफी निवासी राजेंद्र सिंह ने गांव के ही करुआ समेत दो लोगों पर मारपीट कर घायल करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।