
डीएम, एडीएम सहित अन्य अधिकारियों ने जनसंवाद कर टीकाकरण हेतु जनसामान्य से की अपील
“जन जागरूकता टीकाकरण अभियान“ के तहत जनपद के 91 अधिकारियों को दी गई जिम्मेदारी
खुली बैठक के दौरान ग्राम स्तरीय कर्मचारी, महिलाओं, ग्राम प्रधान, पूर्व प्रधान की रही सहभागिता
एटा। जनपद में कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण तथा जन सामान्य कोविड टीकाकरण कराने हेतु प्रेरित करने एवं टीकाकरण को लेकर व्याप्त भ्रान्तियों को दूर किए जाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा तीन दिवसीय “जन जागरूकता टीकाकरण अभियान“ चलाया जा रहा है। इसके तहत प्रथम दिन जिलाधिकारी डा0 विभा चहल, एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने अपने आवंटित ग्राम का भ्रमण कर सार्वजनिक स्थान पर खुली बैठक के माध्यम से जनसंवाद किया गया।
डीएम ने अपने आवंटित तीन ग्रामों में से मारहरा विकासखण्ड क्षेत्र के ग्राम चाठी रफीपुर में पूर्व माध्यमिक विद्यालय पर खुली बैठक के माध्यम से जनसंवाद किया। उन्होंने इस दौरान सर्वप्रथम मौजूद लोगों की टीकाकरण को लेकर आ रही समस्याओं को सुनते हुए निर्देश दिए कि कोरोना का टीका बहुत जरूरी है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई व्यक्ति टीकाकरण कराने के बाद भी कोरोना से संक्रमित आता है तो उसे कोरोना के मामूली लक्षण आते हैं और वह अतिशीघ्र ठीक हो जाता है।
कोरोना से बचने के लिए कोवैक्सीन, कोविशील्ड दो प्रकार की वैक्सीन जनपद में लगाई जा रही है, यह वैक्सी भारतीय वैज्ञानिकों द्वारा बनाई गई है, जो पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी है। हम सभी को चाहिए कि जिन लोगां को वैक्सीन लग चुकी है उनकी मदद से ग्रामीण क्षेत्र में अन्य लोगों को वैक्सीन के फायदे बताएं।
कोरोना की तीसरी लहर जो कि अक्टूबर में आ सकती है, जिससे बच्चों को संक्रमित होने से हमें बचाना है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा तैयारियां की गई हैं। प्रयास यह है कि तीसरी लहर से बच्चों को बचाने के उद्देश्य से अभी से तैयारी कर ली जाएं। गांव में कोई भी व्यक्ति वैक्सीन लगवाने से छूटना नहीं चाहिए।
जनजागरूक टीकाकरण अभियान के दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह ने ग्राम नाजिरपुर, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह ने संयुक्त रूप से ग्राम रजकोट, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह ने ग्राम बाबरपुर, समस्त उप जिलाधिकारी, अपर उप जिला अधिकारी, समस्त तहसीलदार, पीडीडीआरडीए निर्मल कुमार द्विवेदी, प्राचार्य डायट जितेन्द्र सिंह, एआरटीओ हेमचन्द गौतम, सीवीओ एसपी सिंह, डीपीआरओ आलोक कुमार प्रियदर्शी, अधिशासी अभियंता सिंचाई अजय कुमार भारती, अधिशासी अभियंता विद्युत, समस्त अधिशासी अधिकारी, समस्त खण्ड विकास अधिकारी, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी आदि द्वारा अपने-अपने आवंटित ग्राम में जनसंवाद के माध्यम से वैक्सीन लगवाने हेतु लोगों को जागरूक किया गया, तो वहीं गांव में व्याप्त भ्रान्तियों को भी दूर किया गया।
जनसंवाद के दौरान पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री, रोजगार सेवक, भारी संख्या में ग्रामीणजनों मौजूद रहे।