
आज गुजरात दौरे पर जाएंगे PM मोदी, तूफान प्रभावित इलाकों का करेंगे दौरा, HM अमित शाह भी ले रहे जायज़ा
कोरोना महामारी के काल में आए टाउते तूफान ने देश के कई तटीय इलाकों में तबाही मचाई है. तूफान और इससे हुए नुकसान पर केंद्र सरकार लगातार नजरें बनाए हुए है. गृहमंत्री अमित शाह ने जहां तूफान प्रभावित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर हालात की जानकारी ली वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज खुद इसका जायजा लेने गुजरात और दीव जाएंगे. पीएम चक्रवात टाउते से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए गुजरात और दीव हवाई सर्वेक्षण करेंगे और इसके बाद अहमदाबाद में समीक्षा बैठक करेंगे.
पीएम मोदी आज सुबह 11 बजकर 30 मिनट तक भावनगर के एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे. यहां से वे भावनगर, अमरेली, गिर, सोमनाथ और दीव का हवाई सर्वेक्षण करेंगे. ये वही इलाके हैं, जहां चक्रवाती तूफान टाउते ने सबसे ज्यादा नुकसान किया है. हवाई सर्वेक्षण के बाद पीएम गुजरात की राजधानी अहमदाबाद पहुंचेंगे और यहां गुजरात के सीएम और आला अधिकारियों के साथ बैठक में हिस्सा लेंगे.
चक्रवाती तूफान टाउते के चलते गुजरात में अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की जान चली गई. इसके अलावा तटीय इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ है. बिजली के खंभे और पेड़ उखड़ गए हैं. कई घरों और सड़कों को भी इससे नुकसान पहुंचा है. मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के एक बयान के मुताबिक चक्रवाती तूफान की वजह से 16,000 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचा है, जबकि 40000 से ज्यादा पेड़ और 1000 से ज्यादा बिजली के खंभे उखड़ चुके हैं. हालांकि मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार की आधी रात को सौराष्ट्र क्षेत्र के दीव और उना के बीच गुजरात तट से टकराकर ये तूफान कमजोर पड़ गया. आईएमडी ने बताया कि कल अमरेली पहुंचने तक तूफान बेहद भयानक था, जो बाद में कमजोर पड़ने लगा.