
डीएम की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 पर नियंत्रण हेतु समीक्षा बैठक सम्पन्न
कोरोना कर्फ्यू का सम्पूर्ण जनपद में सख्ती के साथ अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए
होम आइसोलेट संक्रमित मरीजों के घर आवश्यक दवाओं की किट समय से पहुंचनी चाहिए
वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित, जनसामान्य को वैक्सीन लगवाने हेतु अधिक से अधिक जागरूक करें
एटा। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में डीएम डा0 विभा चहल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण, रोकथाम हेतु संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की गई। डीएम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को दृष्टिगत रखते हुए शासन द्वारा नई गाईडलाईन जारी की गई, जिसके अनुसार कोरोना कर्फ्यू सम्पूर्ण जनपद में 17 मई की प्रातः 07 बजे तक लगाया गया है। एसडीएम, बीडीओ एवं तहसीलदार द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम तीन गांव प्रतिदिन विजिट किए जाएं।
निगरानी समितियों के माध्यम से ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता हेतु बेहतर ढंग से कार्य किया जाए। निगरानी समिति के माध्यम से गांव में आने वाले प्रवासी श्रमिकों की सूची एकत्रित कराई जाए तथा आवश्यकतानुसार टेस्टिंग पर जोर दिया जाए। कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में फॉगिंग, साफ सफाई व सेनेटाइजेशन प्राथमिकता के आधार पर कराया जाए। एकीकृत कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेंटर एवं सीएमओ कन्ट्रोलरूम को और अधिक क्रियाशील करते हुए आने वाले कॉल्स पर प्रभावी कार्यवाही की जाए।
उन्होंने कहा कि पीए सिस्टम के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता पर जोर दिया जाए, साथ ही लोगों को वैक्सीन लगवाने हेतु युद्धस्तर पर प्रेरित किया जाए। जनपद में 45 केन्द्रों पर वैक्सीन लगाई जा रही है, यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। जनपद में 8 हजार से अधिक वैक्सीन की डोज उपलब्ध है। जनसामान्य द्वारा आधार कार्ड ले जाकर कोराना से बचाव हेतु वैक्सीन लगवाई जा सकती है। जिन हेल्थ केयर वर्कर्स द्वारा अभी तक द्वितीय डोज नहीं लगवाई गई है, उनके द्वारा अतिशीघ्र द्वितीय डोज लगवाई जाए।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, एएसपी ओपी सिंह, सीएमओ डा0 उमेश कुमार त्रिपाठी, एसीएमओ डा0 राम सिंह, सीएमएस डा0 अशोक कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, अपर उप जिलाधिकारी, डीडीओ एसएन सिंह कुशवाह सहित अन्य समस्त अधिकारीगण आदि मौजूद रहे।