
अक्षय तृतीया पर नहीं खरीद पाएंगे सोना, कोरोना कर्फ्यू की भेंट चढ़ा सर्राफा कारोबार
एटा। अक्षय तृतीया पर इस बार सर्राफा बाजारों में पसरा सन्नाटा है। इस कारण सोने से बने आभूषण खरीदने का शुभ मुहूर्त फीका है। लोगों को सोना न खरीद पाने की कसक है। तो सर्राफा व्यापारियों को करोड़ों रुपये का कारोबार प्रभावित होने की चिंता है। वह प्रशासन से दो दिन कारोबार की मोहलत मांग रहे हैं। सराफा व्यापार संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता के अनुसार अक्षय तृतीया के लगभग एक सप्ताह तक हर दिन जिले में एक से दो करोड़ रुपये का कारोबार होता था। इस बार व्यापारियों को तो नुकसान है ही, ग्राहक भी परेशान हैं। खासतौर से शादी वाले घरों के लोगों के लिए बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। कारोबार ठप होने से सरकार को टैक्स के रूप में मिलने वाला राजस्व भी बंद हो गया है। शादियों का जश्न भी फीका हो गया है। अक्षय तृतीया को विवाह के लिए शुभ मुहूर्त माना जाता है। हर साल सैकड़ों शादियां इस दिन हो जाती थीं। लेकिन इस बार यह जश्न भी फीका है। कोरोना संक्रमण के चलते बेहद कम संख्या में इस दिन शादी तय हैं।
वीरेंद्र गुप्ता, अध्यक्ष सराफा व्यापारी संघ ने बताया कि पुराने और कुछ नए ग्राहक आभूषण के आर्डर नोट कराने के लिए फोन करते हैं। लेकिन दुकानें बंद रहने के कारण उन्हें मना कर रहे हैं। लोग मंगलसूत्र तक के लिए परेशान हैं।
अशोक कुमार चौहान, महामंत्री सराफा व्यापारी संघ ने बताया कि शासन और प्रशासन से जारी निर्देशों का पालन करते हुए फिलहाल दुकानें बंद कर रखी हैं। प्रशासन अनुमति देता है तो कोविड गाइडलाइन के तहत बिक्री की जाएगी।