
ग्रामीण क्षेत्रों में 5 मई से 9 मई तक चले अभियान के दौरान 1177 मरीजों को दी गई मेडीसन किट
कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु जनसामान्य द्वारा वैक्सीनेशन अवश्य कराया जाए
जनपद में वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता, निर्धारित 33 केन्द्रों पर जाकर कोविड टीकाकरण कराएं
एटा। शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कोरोना संक्रमण पर प्रभावी रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु बैठक आयोजित की गई। डीएम ने बैठक में मौजूद स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोरोना के संक्रमण से बचाव हेतु शासन द्वारा जारी की गई गाईडलाईन का पालन कराया जाए। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में जनसामान्य को कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव हेतु टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया जाए। जनपद में वैक्सीन की कोई कमी नहीं हैं, कोविशील्ड एवं कोवैक्सीन के तहत जनपद में लगभग 9 हजार डोज उपलब्ध है।
डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं एसीएमओ को निर्देश दिए कि एमओआईसी को लक्ष्य आवंटित कर नियमित रूप से टीकाकरण की मॉनीटरिंग की जाए। मई माह में अभियान के रूप में ड्राइव चलाकर टीकाकरण कराया जाए। सभी एमओआईसी एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण जनसामान्य से अपील हेतु वीडियो सेयर कर सकते हैं, जिससे कि जनसामान्य को अधिक से अधिक टीकाकरण हेतु जागरूक किया जा सके। जनपद के स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, हेल्थ एन वेलनेस सेंटर सहित कुल 33 केन्द्रों पर कोविड टीकाकरण कार्यक्रम चल रहा है। जनसामान्य द्वारा अपना आधार कार्ड साथ ले जाकर टीकाकरण कराया जा सकता है।
सीएमओ डा0 उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शासन के निर्देश पर 5 मई से ग्रामीण क्षेत्रों में 9 मई तक चलाए गए अभियान के तहत लक्षणयुक्त कुल 1264 व्यक्तियों को चिन्हित किया गया। जिसमें से 1177 व्यक्तियों को मेडीसिन किट उपलब्ध कराई गई। अभियान के दौरान 1011 व्यक्ति बुखार, 551 व्यक्ति सर्दी जुकाम, 94 व्यक्ति सांस, 34 व्यक्ति बुखार से दस्त आदि बीमारियों के संबंध में चिन्हित किए गए हैं। सभी मरीजों को टीम द्वारा काउंसलिंग कर आवश्यक दवाएं वितरित की गई।
बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व सुनील कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन विवेक कुमार मिश्र, सीएमओ डा0 उमेश कुमार त्रिपाठी, मेडीकल कॉलेज के प्राचार्य पीके जैन, एसीएमओ डा0 राम सिंह, सीएमएस डा0 राजेश अग्रवाल, डिप्टी सीएमओ डा0 सतीश चन्द नागर, डिप्टी कलेक्टर विवेक राजपूत आदि मौजूद रहे।