
जिला पंचायत चुनाव: एटा के वार्ड-10 का परिणाम बदला, भाजपा प्रत्याशी विजयी घोषित, विधायकों का धरना खत्म
एटा के वार्ड संख्या-10 का चुनाव परिणाम बदल गया है। इसके बाद चुनाव परिणाम के विरोध में भाजपा विधायकों का धरना बुधवार आधी रात को खत्म हो गया।
एटा में जिलाधिकारी कार्यालय पर भाजपा विधायकों के धरना प्रदर्शन के बाद जिला पंचायत वार्ड संख्या-10 का चुनाव परिणाम बदल गया है। अब भाजपा के प्रत्याशी गजेंद्र पाल को विजयी घोषित किया गया है। पहले सपा की साधना देवी को जीत का प्रमाण पत्र दिया गया था। भाजपा प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र मिलने के बाद विधायकों का धरना बुधवार आधी रात को खत्म हो गया।
जिला पंचायत के वार्ड संख्या 10 पर सपा की ओर से साधना देवी और भाजपा की ओर से गजेंद्र पाल को प्रत्याशी बनाया गया था । मतगणना के बाद जब रिकॉर्ड कलक्ट्रेट मुख्यालय आया तो वहां बुधवार को सपा प्रत्याशी साधना को जीत का प्रमाण पत्र दे दिया गया। उनके मत 5787 पाए गए। जबकि भाजपा के प्रत्याशी के 5446 थे।
परिणाम घोषित होने के बाद से ही भाजपा ने विरोध करना शुरू कर दिया था। गलत मतगणना के आरोप लगाए। शाम तक विरोध और तेज हो गया। जलेसर, अलीगंज, मारहरा विधायक, भाजपा के चुनाव प्रभारी एमएलसी धर्मवीर प्रजापति सहित तमाम भाजपा नेता कलेक्ट्रेट में ही धरने पर बैठ गए। प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देर रात तक हंगामा चलता रहा।
प्रशासन को वार्ड संख्या 10 के रिकॉर्ड का पुनः मिलान करना पड़ा। इसमें गलती भी पकड़ में आई। छह बूथों के मतों को परिणाम में शामिल ही नहीं किया गया था। कम्प्यूटर फीडिंग की गड़बड़ी पता कर प्रशासन ने इन्हें शामिल किया तो भाजपा के गजेंद्र 998 मतों से आगे हो गए। इसके साथ ही उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया।
इसके बाद रात तकरीबन 12:00 बजे भाजपा विधायक और नेता धरना समाप्त कर चले गए। हालांकि अभी तीन और वार्डों पर गड़बड़ी के आरोप लगाए जा रहे हैं। जिसे लेकर आज फैसला होना है।