यूपी: औरैया हादसे का गाजियाबाद कनेक्शन, एसओ सस्पेंड, सीओ से मांगा जवाब

 

उत्तर प्रदेश के औरैया में हुए सड़क हादसे में घर लौट रहे 25 मजदूरों की जान चली गई. इस हादसे में कई मजदूर गंभीर रूप से घायल भी हो गए हैं. वहीं अब औरैया हादसे का गाजियाबाद कनेक्शन सामने आया है. जिसके बाद गाजियाबाद इंदिरापुरम के एसओ को सस्पेंड कर दिया गया है. वहीं सीओ से जवाब मांगा गया है.

दरअसल, हादसे में घायल मजदूर गाजियाबाद से गए थे. उत्तर प्रदेश में मजूदरों की हादसे में मौत के बाद योगी सरकार सख्त हो गई है. हादसे की जांच में पता चला कि औरैया में जो हादसा हुआ और उसमें जो 16 मजदूर घायल हुए हैं वो सभी गाजियाबाद के इंदिरापुरम के मक्कनपुर इलाके से गए थे.

सूत्रों के मुताबिक ट्रक दिल्ली से आया था. जिसमें सभी 16 मजदूर सवार होकर निकले थे. हादसे की शुरुआती जांच में इस बात का खुलासा होने के बाद इंदिरापुरम एसओ की लापरवाही सामने आई. जिसके बाद उन्हें सस्पेंड किया गया है. साथ ही सीओ से नोटिस देकर जवाब मांगा गया है.

वहीं औरैया हादसे के बाद प्रशासन भी हरकत में आ गया है. अब उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के डीएम ने मजदूरों को लेकर आदेश जारी किया है. डीएम ने आदेश दिया है कि सड़क पर अगर कोई भी प्रवासी मजदूर घूमता हुआ मिला तो थाना प्रभारी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया जाएगा.

थानाध्यक्ष निलंबित

वहीं औरैया हादसे के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा और मथुरा बॉर्डर के संबंधित थानाध्यक्षों को निलंबित करने का आदेश दिया था. साथ ही मुख्यमंत्री ने मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक के अलावा आगरा जोन के आईजी और एडीजी से भी इस मामले में स्पष्टीकरण देने को कहा है. मुख्यमंत्री ने यह निर्देश भी दिया है कि दोनों क्षेत्र के क्षेत्राधिकारियों से भी स्पष्टीकरण लिया जाए.

About The Author

Team KNLS Live

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks