
एटा। जिलाधिकारी डा0 विभा चहल ने सूचित किया है कि वर्तमान समय में जनपद में कोविड पॉजिटिव आने वाले व्यक्तियों की संख्या काफी बढ़ गयी है तथा मेडीकल स्टाफ कम होने की वजह से होम आइसोलेशन में रह रहे मरीजों को शीघ्रता से मेडीकल किट पहुंचाने में बाधा उत्पन्न हो रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि होम आइसोलेशन में रह रहे प्रत्येक मरीज के पास समय से मेडीकल किट पहुंंचे।
डीएम ने उक्त के दृष्टिगत यह निर्णय लिया है कि प्रत्येक उप जिलाधिकारी अपने-अपने तहसील क्षेत्र में होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड मरीजों को तहसील कर्मचारियों के माध्यम से शीघ्र अति शीघ्र मेडीकल किट उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। साथ ही मरीज का विवरण और उसके क्लोज कॉन्टेक्ट में आये व्यक्तियों का विवरण भी नोट करेंगे और होम आइसोलेशन का पोस्टर भी कोविड मरीज के घर पर चस्पा करेंगे।
डीएम ने कहा कि इस कार्य के लिये राजस्व कर्मचारी अपने निजी वाहन का प्रयोग करेंगे, इसके लिये उन्हे कोई अतिरिक्त वाहन भत्ता देय नहीं होगा। परन्तु इस कार्य हेतु वाहन में लगने वाले ईधन का भुगतान सम्बन्धित तहसील के उप जिलाधिकारी द्वारा बिल वाउचर प्रस्तुत करने पर किया जायेगा।
डीएम ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 अरविंद कुमार गर्ग द्वारा प्रत्येक सी0एच0सी0, पी0एच0सी पर राजस्व कर्मचारियों को कोविड पॉजिटिव आये व्यक्तियों की सूची, मेडिकल किट, और चस्पा किये जाने वाला पोस्टर समय से उपलब्ध कराये जाने की व्यवस्था संबंधित एमओआईसी के माध्यम से सुनिश्चित की जायेगी।