
एटा-मैनपुरी को मिले ऑक्सीजन प्लांट की मंजूरी: हरनाथ सिंह
एटा। राज्यसभा सांसद हरनाथ सिंह ने एटा-मैनपुरी जनपद में ऑक्सीजन प्लांट को मंजूरी देने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर संदेश भेजा है।
सांसद ने प्रधानमंत्री केयर फंड के द्वारा उत्तर प्रदेश के 46 जिलों में ऑक्सीजन प्लांट की मंजूरी दिए जाने की सराहना की। वहीं यह भी कहा है कि एटा और मैनपुरी की आबादी 50 लाख है। दोनों ही जिले पिछड़े हुए हैं, इनको भी मंजूरी की सूची में जोड़ा जाए। फोन पर वार्ता के दौरान सांसद ने बताया कि दोनों ही जिले स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में काफी पीछे हैं। कोविड महामारी के दौर में ऑक्सीजन की जरूरत हर जिले के मरीजों को है। ऐसे में यदि यहां ऑक्सीजन प्लांट की मंजूरी मिलती है तो लोगों को काफी लाभ मिलेगा।