
कोरोना से सात और मौतें, 228 नए संक्रमित मिले
~जिले में कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। 24 घंटों में अलग-अलग~
एटा : जिले में कोरोना की रफ्तार तेजी से बढ़ रही है। 24 घंटों में अलग-अलग स्थानों पर सात कोरोना रोगियों की मौत हुई है। वहीं 228 नए कोरोना संक्रमितों का अब तक का रिकार्ड बना है। इस बीच जिलाधिकारी डा. विभा चहल ने शहर में होम आइसोलेट लोगों के यहां पहुंचकर उनके हाल-चाल जाने।
एक पखवाड़े से जिले में तेजी से बढ़ रहा कोरोना संक्रमण अब लोगों की जान पर बन रहा है। किदवई नगर निवासी अधेड़, बेग नगर में वृद्धा, शहर के ही प्रेम नगर में बुजुर्ग नगला पोता में युवक के अलावा एक अन्य की मौत हुई है। जलेसर निवासी सिचाई विभाग के अभियंता की भी मथुरा में उपचार के दौरान मौत हो गई। उधर शुक्रवार को सुबह से ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें कोरोना जांच के लिए शहरी तथा ग्रामीण क्षेत्रों में दौड़ती रहीं। रोडवेज बस स्टैंड पर जांच कराने के लिए लोगों की कतार थी, वहीं खुद में कोरोना के लक्षण देखते हुए खुद भी लोग जागरूक होते हुए जांच केंद्रों पर पहुंचे। शाम 4 बजे तक हुई जांचों के बाद चौबीस घंटों में 228 लोग पाजिटिव मिले हैं। एक दिन में यह कोरोना पाजिटिव पाए जाने वालों की अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। जो लोग संक्रमित पाए गए हैं उनमें शहर के शांतीनगर, अरुणा नगर, बस अड्डा, प्रेम नगर, वनगांव, वर्मा नगर, संजय नगर, श्रंगार नगर, शिवगंज के दर्जनों लोग शामिल हैं। वहीं ग्राम पुन्हैरा, नगला लाल सिंह, सरायनीम, चिरगवां, मलावन प्लांट, बालगढ़ी, मनौरा, पिलुआ, मंगरौली, बाबसा, असरौली, दरिगपुर, दूल्हापुर, लोया बादशाहपुर, चमकरी, नगला जवाहरी, सीयपुर, बरई, नगला पोता, बागवाला, बाबली के अलावा जलेसर, अवागढ़, जैथरा, सकीट, आदि कस्बाई क्षेत्रों के भी लोग शामिल हैं। यहां बता दें कि जिले में अब तक 4411 कोरोना पाजिटिव मिल चुके हैं। गुरुवार को कोरोना के जिले में सक्रिय केस 1383 थे, जिनकी संख्या बढ़कर अब 1663 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दो दर्जन संक्रमितों को उनकी स्थिति के आधार पर बागवाला तथा चुरथरा कोविड अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। सीएमओ डा. अरविद गर्ग ने बताया है कि जिले में संक्रमण दर में वृद्धि हुई है लेकिन रिकवरी दर बढ़ाने के भी प्रयास विभाग समुचित उपचार के द्वारा कर रहा है।