
देश में जल्द खुलेंगे 8 नए बैंक, RBI ने यूनिवर्सल और स्मॉल फाइनेंस बैंक के नाम किए जारी
भारतीय रिजर्व बैंक को ऑन टैप यानी कभी भी लाइसेंस के लिए आवेदन करने के दिशानिर्देशों के तहत कुल 8 आवेदन मिले हैं. इसमें सभी प्रकार की सेवाएं देने वाले यूनिवर्सल बैंकों के लिए 4 और स्मॉल फाइनेंस बैंक के लिए 4 आवेदन शामिल हैं. निजी क्षेत्र में यूनिवर्सल बैंकों और एसएफबी को ऑन टैप लाइसेंसिंग के दिशानिर्देश क्रमश: एक अगस्त, 2016 और पांच दिसंबर, 2019 को जारी किए गए थे.
यूएई एक्सचेंज एंड फाइनेंशियल सर्विसेज, द रिपैट्रिएट्स कोऑपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट बैंक लि., चैतन्य इंडियन फिन क्रेडिट प्राइवेट लि और पंकज वैश्य और अन्य ने ऑन टैप लाइसेंसिंग दिशानिर्देशों के तहत यूनिवर्सल बैंक के लाइसेंस के लिए आवेदन किया है. वहीं स्मॉल फाइनेंस बैंक के लिए ऑन टैप दिशानिर्देशों के तहत वीसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लि., कालीकट सिटी सर्विस कोऑपरेटिव बैंक लि., अखिल कुमार गुप्ता और द्वारा क्षेत्रीय ग्रामीण फाइनेंशियल सर्विसेज प्राइवेट लि. ने आवेदन किया है.
दिशानिर्देशों के अनुसार, यूनिवर्सल बैंक के लिए न्यूनतम चुकता वोटिंग इक्विटी पूंजी 500 करोड़ रुपये होनी चाहिए. ऐसे में हर समय बैंक का न्यूनतम नेटवर्थ 500 करोड़ रुपये होना चाहिए. एसएफबी के मामले में न्यूनतम चुकता वोटिंग पूंजी/नेटवर्थ 200 करोड़ रुपये होना चाहिए. यदि कोई शहरी सहकारी बैंक स्वैच्छिक रूप से एसएफबी के रूप में परिवर्तित होना चाहता है, तो नेटवर्थ की शुरुआती जरूरत 100 करोड़ रुपये है. इसे 5 साल में 200 करोड़ रुपये करने की जरूरत होगी.