250 यात्रियों को लेकर मुंबई से चली थी स्पेशल ट्रेन, रांची स्टेशन पर उतरे सिर्फ 25

मुंबई से खुली सुपर फास्ट स्पेशल ट्रेन के कल रांची स्टेशन पहुंचने के बाद अजीबो-गरीब नजारा देखने को मिला. जिस स्पेशल ट्रेन के आगमन को लेकर रेल और जिला प्रशासन की ओर से कोरोना जांच को लेकर इतनी ज्यादा तैयारियां चल रही थी, उस ट्रेन से महज 25 यात्री ही रांची रेलवे स्टेशन पर उतरे. हालांकि शुरुआत में स्टेशन पर सिर्फ 10 यात्रियों के उतरने की ही जानकारी मिली. लेकिन बाद में रांची रेलमंडल के सीपीआरओ नीरज कुमार ने स्टेशन पर कुल 25 यात्रियों के उतरने की जानकारी दी.
दरअसल मुंबई से इस स्पेशल ट्रेन में रांची के लिए करीब 250 यात्री सवार हुए थे. लेकिन ये तमाम यात्री रांची पहुंचने से पहले ही दूसरे स्टेशन पर उतर गए. उधर रांची पहुंचने वाले 250 यात्रियों की संख्या के आधार पर जिला प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन पर कोरोना जांच की तैयारी की गई थी. यात्रियों के लिए प्लेटफार्म पर ही सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए कुर्सियां लगाई गई थीं. साथ ही जगह-जगह आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई थी. लेकिन जैसे ही प्लेटफार्म नंबर एक पर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन रुकी, सभी डिब्बे खाली नजर आए. एक बोगी से 5 यात्री तो दूसरे बोगी से कुल 20 यात्री प्लेटफॉर्म पर उतरे. इस नजारे को देखकर रेलवे के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारी भी भौचक्के रह गए.
इससे पहले मुंबई से चलने वाली लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस ट्रेन रांची पहुंची. यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन रांची आती है. इस ट्रेन में काफी ज्यादा भीड़ थी. लेकिन सुबह के वक्त स्टेशन परिसर में यात्रियोंं की कोरोना जांच के लिए कोई इंतजाम नहीं था. खानापूर्ति के लिए यात्रियों को थर्मल स्कैनिंग कर जाने दिया गया.