
प्रधानी की खातिर घर में ही बन गए एक दूसरे के प्रतिद्वंदी
एटा – सकीट। नामांकन पत्र दाखिल होने के पहले दिन अजीबो गरीब स्थिति देखने को मिली। विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत मिश्री में जहां मां-बेटी और भतीजी द्वारा नामांकन पत्र दाखिल किया गया वहीं ग्राम पंचायत मजरा जात सकीट से सास-बहू ने नामांकन दाखिल किया। ग्राम पंचायत कोची में देवरानी व जिठानी ने नामांकन दाखिल कर एक दूसरे के विरूद्ध सियासी समर में ताल ठोक दी है
मां, बेटी, भतीजी में होगा मुकाबला
बुधवार को विकास क्षेत्र की ग्राम पंचायत मिश्री में प्रधान पद हेतु सर्वेश पत्नी विजय मिश्रा द्वारा अपना नामांकन पत्र आरओ सकीट को प्रस्तुत किया। दस मिनट बाद सर्वेश की पुत्री नेहा ने भी अपना पर्चा भर दिया। इस चुनावी दंगल में आधा घंटे बाद जेठानी की पुत्री ने ताल ठोक कर चुनाव को रोमांचक बना दिया।
सास-बहू का होगा मुकाबला
नामांकन पत्र दाखिल प्रक्रिया के दौरान ग्राम पंचायत मजरा जात सकीट में भी दिलचस्प मुकाबला होता दिख रहा है। इस चुनाव में प्रधान पद के लिए राजेश्वरी देवी पत्नी ब्रजेश प्रताप द्वारा अपना नामांकन दाखिल किया तो अपनी सास को चुनौती देते हुए राजेश्वरी की पुत्र वधू लता पत्नी संजीव कुमार ने पर्चा भरा।
जेठानी-देवरानी आमने-सामने
प्रधान की कुर्सी पाने के लिए ग्राम पंचायत कोची में विधोत्मा देवी पत्नी श्याम मोहन दीक्षित के सामने देवरानी नीतू पत्नी पवन दीक्षित ने पर्चा भरा है।