मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के कार्यालय पर महिलाओं का धावा, फेंकी कुर्सियां

यूपी : मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के कार्यालय पर महिलाओं का धावा, फेंकी कुर्सियां

प्रदेश के संसदीय कार्य मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ला के बलिया में आवास स्थित कैंप कार्यालय पर फरियाद लेकर पहुंचीं महिलाओं ने सोमवार दोपहर जमकर हंगामा किया। इस दौरान मंत्री का घेराव भी किया और कुर्सिंयां भी इधर-उधर फेंक दीं। महिलाएं स्कूल में पुराने बच्चों को मिलने वाली अनुदान राशि की मांग कर रहीं थीं।

मंत्री के बीएसए से बात करने के बाद भी महिलाएं तत्काल अनुदान राशि दिलाने की जिद पर अड़ी रहीं। मौके पर सीओ और कोतवाल महिला पुलिस के साथ पहुंचे और महिलाओं को वहां से हटाया। वहीं महिलाओं ने कार्यकर्ताओं पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। मंत्री शुक्ला ने बताया कि यह सब प्रायोजित था। इसके पीछे साजिश है।

सोमवार की दोपहर कई महिलाएं मंत्री के कार्यालय पर बच्‍चों को मिलने वाली अनुदान राशि की शिकायत करने गई थीं। आरोप है कि वहां पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके साथ दुर्व्‍यवहार किया। इसके बाद उनका रोष विरोध के तौर पर सामने आया। इस दौरान महिलाओं का आक्रोश देखकर लोग मौके से भाग निकले तो आक्रोशित महिलाओं ने कुर्सियां फेंककर अपना गुस्सा निकाला।

मंत्री के कार्यालय में तोड़फोड़ होने की जानकारी मिलते ही महिला पुलिस के साथ पुलिस अधिकारी पहुंचे और आननफानन महिलाओं को समझा बुझाकर परिसर के बाहर किया। इस दौरान आक्रोशित महिलाओं से पुलिस अधिकारियों की भी बहस हुई़। विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने आश्‍वासन देकर महिलाओं को बाहर किया। कुछ महिलाओं को पकड़कर कोतवाली लाया गया। मंत्री ने महिलाओं के आक्रोश को साजिश का हिस्‍सा बताते हुए इस पर अपना रोष जाहिर किया। कहा कि महिलाओं की मांग के अनुरूप ही अधिकारियों तक उनकी बात को पहुंचाकर समस्‍या का निवारण करने का प्रयास किया गया था। इसके बाद महिलाएं आक्रोशित होकर प्रदर्शन करने लगीं।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks